नई दिल्ली
ग्रुप स्टेज में अपराजित रहने वाली टीम इंडिया को एशिया कप 2022 के सुपर 4 के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने बड़ा झटका दिया है। रविवार रात हुए इस रोमांचक मैच में पाकिस्तान ने भारत को 5 विकेट से हराया। टीम इंडिया की इस हार के बाद फाइनल की राह थोड़ी कठिन हो गई है। भारत को अगले दो मुकाबले श्रीलंका और अफगानिस्तान के खिलाफ खेलने है, अगर रोहित शर्मा एंड कंपनी को किसी भी एक मैच में हार का सामना करना पड़ता है तो डिफेंडिंग चैंपियन टीम का फाइनल तक पहुंचने का सपना चकनाचूर हो जाएगा। वहीं अगर भारत दोनों मुकाबले जीतता है तो मामला नेट रन रेट पर जाकर फंस सकता है।
सुपर-4 में राउंड रॉबिन के आधार पर भारत को अगला मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ 6 सितंबर को खेलना है, वहीं आखिरी भिड़ंत 8 सितंबर को अफगानिस्तान के साथ होगी। अगर भारत अगले दो मैच जीतता है तो अफगानिस्तान सीधा-सीधा टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। वहीं अगर श्रीलंका पाकिस्तान को पटखनी देने में कामयाब रहता है तो पेच नेट रन रेट पर जाकर फंसेगा। सभी टीमों ने अभी तक एक-एक मैच खेल लिया है। ऐसे में श्रीलंका 0.589 नेट रन रेट का साथ टॉप पर है, वहीं पाकिस्तान (0.126) दूसरे पायदान पर है। अगर भारत को दोनों मैच जीतकर टॉप 2 में बने रहना है तो अगले दो मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे। भारत का नेट रन रेट अभी -0.126 है।