रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई चौकसी, संदिग्ध व्यक्ति से की जा रही पूछताछ हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। होली व धुलंडी त्योहार पर सुरक्षा को लेकर रेलवे पुलिस अलर्ट हो गई है। इसके तहत रेलवे स्टेशन परिसर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध व्यक्ति नजर आने पर उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही बैग आदि की तलाशी ली जा रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे रेलवे स्टेशन परिसर की निगरानी की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल व सरकारी रेलवे पुलिस थाना की ओर से संयुक्त रूप से चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा के अलावा ट्रेनों में यात्रियों से किसी भी अजनबी व्यक्ति से खाने-पीने की चीजें नहीं लेने की सलाह दी जा रही है। साथ ही, रेलवे एक्ट के बारे में भी जागरुक किया जा रहा है। आरपीएफ थाना प्रभारी उदयसिंह ने बताया कि होली और धुलंडी के त्योहार को मद्देनजर रखते हुए आरपीएफ व जीआरपी थाना स्टाफ की ओर से संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। संदिग्ध नजर आने पर संबंधित व्यक्ति का आधार कार्ड, पहचान पत्र आदि से नाम-पते की पड़ताल की जाती है। उनके बैग आदि की तलाशी ली जा रही है। अगर किसी के पास संदिग्ध वस्तु पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। साथ ही यात्रा के दौरान कुछ यात्रियों की ओर से तेज आवाज में मोबाइल फोन पर गाने सुनकर दूसरे यात्रियों को परेशान करने वालों के खिलाफ भी समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि अगर यात्री को सफर के दौरान कोई तंग-परेशान करता है तो या तो इसकी सूचना ट्रेन स्टाफ या ड्यूटी स्टाफ को दें। अगर वे मौके पर नहीं मिलते हैं तो अगले स्टेशन पर इसकी सूचना स्टेशन अधिकारी-कर्मचारी या रेलवे पुलिस कर्मी को दी जा सकती है। शिकायत मिलने पर संबंधित से समझाइश की जाती है। समझाइश के बावजूद भी नहीं मानने पर कानूनी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पूर्व से अधिनियम बने हुए हैं ताकि यात्रा के दौरान यात्री को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो पाए और वे सुविधाजनक यात्रा करें।