Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दरारों से खतरे में आशियाने, लोगों ने की बचाव की गुहार

बीकानेर. सुजानदेसर स्थित ब्राह्मणों के मोहल्ले में गंदे पानी की समस्या से नगर निगम और नगर विकास न्यास जूझ रहा है। चार दिनों के बाद भी पानी की पूरी तरह से सुचारू निकासी नहीं हो पाई है। नगर निगम के साथ अब नगर विकास न्यास ने भी अपने मोटर पम्प पानी निकालने में झोंक दिए है। वहीं गंदे पानी को रोकने के लिए क्षेत्र में एकत्र पानी के पास मजबूत पाल बांधने का काम भी चल रहा है। निगम ने इस कार्य के लिए ट्रेक्टरों के साथ जेसीबी और डम्पर भी लगाए है।

गलियों से पानी कम होने के बाद अब मकानों में पानी के कारण दरारे आनी भी शुरू हो गई है। मोहल्ले के हनुमान मंदिर वाली गली में करीब दस मकानों में दरारें आ चुकी है। कई मकानों में अब भी पानी भरा हुआ है। क्षेत्र की समस्या का जल्द से जल्द समाधान हो इसके लिए अब निगम और न्यास के अधिकारियों ने मोहल्ले में ही डेरा डाल दिया है। गुरुवार को निगम आयुक्त एएच गौरी, उपायुक्त पंकज शर्मा, अधीक्षण अभियंता ललित ओझा, अधिशाषी अभियंता पवन बंसल, एईएन व जेईएन संजय ठोलिया, रामचन्द्र चौधरी, सुरेन्द्र चौधरी, नगर विकास न्यास के अधिशाषी अभियंता राजीव गुप्ता, गंगाशहर थानाधिकारी राणीदान मौके पर मौजूद रहे।

आशियानों को लेकर चिंतित
सुजानदेसर ब्राह्मणों के मोहल्ले में गलियों से पानी कम होने के बाद तेज धूप के कारण कई मकानों में दरारे आनी शुरू हो गई है। गुरुवार को मोहल्लेवसियों ने पत्रिका संवाद्दाता को एक-एक मकान में ले जाकर मकानों में आई दरारों और हुए नुकसान की जानकारी दी। हनुमान मंदिर गली में स्थित छगन लाल, जगदीश उपाध्याय, राधेश्याम जोशी, नेमीचंद, प्रकाश पंचारिया, मेघराज रामावत, राधेश्याम उपाध्याय, चांदरतन आचार्य, दीपदान रामावत तथा दूसरी ओर स्थित भी कई मकानों में हल्की व अधिक दरारे आई है। दो मकानों के परिसर में अब भी गंदा पानी एकत्र है। हनुमान मंदिर गली में स्थित एक मकान की कुई को भी नुकसान पहुंचा है। मोहल्लावासी अपने मकानों को हो रहे नुकसान को लेकर अधिक चिंतित नजर आए।

ये संसाधन झोंके
गंदे पानी की समस्या का जल्द से जल्द समाधान हो इसके लिए निगम और न्यास ने अपने संसाधन झोंक दिए है। मौके पर मौजूद निगम आयुक्त एएच गौरी ने बताया कि निगम ने 5 पम्प, 07 डम्पर, 06 जेसीबी मशीने और 30 टे्रक्टर इस कार्य के लिए लगाए है। जबकि न्यास की ओर से दो पम्प और दो जेसीबी इस काम में लगाई गई है।

पम्प से पानी निकल रहा, नाले से आ रहा
सुजानदेसर क्षेत्र में हालांकि निगम और न्यास ने पानी की समस्या के समाधान के लिए संसाधन लगा रखे है और उपलब्ध मोटर पम्प की मदद से पानी को पाइप के माध्यम से सड़क पर स्थित सीवरेज चैम्बर में डाला जा रहा है, लेकिन दूसरी ओर बड़े क्षेत्र में जमा पानी में पीछे से नाले के माध्यम से पानी के आने का भी क्रम बना हुआ है। एक तरफ जहां पम्प की मदद से पानी निकाला जा रहा है वहीं दूसरी ओर नाले से पानी लगातार आ रहा है।

काम की धीमी गति से लोग नाराज
सुजानदेसर क्षेत्र में पिछले 80 घंटे से भी अधिक समय से पानी निकालने और पाल बांधने का काम चल रहा है, लेकिन क्षेत्रवासी काम की धीमी गति से नाराज है। गुरुवार को मोहल्लेवासियों ने बताया कि कभी पम्प बंद हो रहा है तो कभी जनरेटर। इससे काम में देरी हो रही है। पानी निकालने के लिए जो पम्प लगाए गए है उनकी पानी निकालने की गति कम है। इससे समय अधिक लग रहा है।

कलक्टर ने देखे नारकीय हालात
सुजानदेसर ब्राह्मणों के मोहल्ले में गंदे पानी की समस्या की मौका स्थिति जानने गुरुवार को जिला कलक्टर नमित मेहता पहुंचे। इस दौरान निगम और न्यास अधिकारी मौजूद रहे। मेहता ने क्षेत्र में बड़े क्षेत्र में एकत्र गंदे जल के भराव को देखा और मोहल्ले में मकानों के पानी से घिरने की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान मेहता ने अधिकारियों से अब तक किए गए व किए जा रहे कार्यो की स्थिति को जाना और जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ पीडि़त परिवारों के लोग भी उपस्थित रहे। कई लोगों ने समस्या को रखा व घरों को हुए नुकसान की जानकारी दी।

इससे पहले भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय उपाध्याय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलक्टर से मुलाकात कर सुजानदेसर स्थित ब्राह्मणों के मोहल्ले की समस्या से अवगत करवाया और मकानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलवाने, जल भराव की समस्या के जल्द समाधान की मांग की। इस दौरान उपाध्याय ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग मेहता से की। इस अवसर पर जितेन्द्र गहलोत, घनश्याम लोहिया, गिरधारी लाल सुथार, मनोज जाजड़ा, किशन सोलंकी, श्याम उपाध्याय, लीलाधर शर्मा, दिनेश सांखला आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *