अलूर (वार्ता)। आवेश खान (34 रन पर तीन विकेट),सौरभ कुमार ( 46 रन पर तीन विकेट) और शिवम मावी (24 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी की बदौलत उत्तर क्षेत्र ने दलीप ट्राफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन गुरुवार को पूर्व क्षेत्र की पहली पारी को मात्र 122 रन पर ढेर करने के बाद दूसरी पारी में बगैर कोई विकेट खोये 64 रन बना कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
उत्तर क्षेत्र ने पहली पारी में 182 रन बनाये थे। दिन का खेल खत्म होने के समय उत्तर क्षेत्र की कुल लीड 122 रन की हो चुकी है। हिमांशु मंत्री 25 रन और विवेक सिंह 34 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुये हैं।
गेंदबाजों पर मेहरबान कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसियेशन स्टेडियम की पिच पर आज भी बल्लेबाजों को रनो के जूझना पड़ा। पूर्व क्षेत्र के रियान पराग (33) और मणिशंकर मूरासिंह (30 नाबाद) ने टीम के स्कोर को 100 रन का आंकड़ा पार कराने में महती भूमिका अदा की। पूर्व क्षेत्र के छह बल्लेबाज अपने निजी स्कोर को दहाई के अंक तक पहुंचाने में नाकाम साबित हुये।
पराग ने अपनी संक्षिप्त पारी में 46 गेंद खेली और पांच चौके और एक छक्का जमाया वहीं मूरा सिंह अपनी नाबाद पारी में 34 गेंदों में दो चौके और दो छक्के जड़ चुके थे। इनके अलावा सुदीप कुमार (27) और शहबाज नदीम (17) ने लड़खड़ाती पारी को कुछ हद तक संभाला।