श्रीगंगानगर। केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में कस्बे से पाकिस्तान बॉर्डर की तरफ जाने वाले एक मार्ग पर स्थित चक 13-एच (ठड्डा) की हड्डा रोड़ी में एक अज्ञात युवक की सिर कटी लाश नग्न अवस्था में मिलने का रहस्य 10 दिन बाद भी नहीं खुल पाया है।करीब 30 वर्षीय युवक की लाश गत 2 जुलाई कि सुबह हड्डा रोड़ी में पड़ी मिली थी, जब दो तीन युवक मृत पशु यहां पर डालने के लिए आए। तभी से पुलिस इस युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा। केसरीसिंहपुर थाना प्रभारी सुशील खत्री ने बताया कि शुरू के दो-तीन दिनों के दौरान ऐसे दो तीन परिवार आए थे, जिनके युवक लापता हैं। मगर किसी ने भी लाश की तस्वीरें देखकर अपना लापता युवक होना नहीं बताया।अज्ञात युवक की गर्दन को बड़ी बेरहमी से काटा गया।उस का कटा हुआ सिर नहीं मिला। युवक के दाएं हाथ की एक अंगुली भी कटी हुई थी। यह अंगुली भी नहीं मिली। हड्डा रोड़ी से लगभग 100 मीटर की दूरी पर चक 13-एच को जाने वाली रोड है, जहां पर कुछ खून गिरा हुआ था। उस पर मिट्टी डाली हुई थी। पुलिस का कहना है कि अज्ञात युवक को अज्ञात लोगों ने या तो यहीं पर गर्दन काट कर मारा है या फिर किसी और जगह मारने के बाद यहां लाकर लाश डाली दी। रोड पर हत्यारों ने वाहन खड़ा किया, जिससे लाश उतारते समय कुछ खून वहीं गिर गया। लाश को लगभग 100 मीटर घसीट कर हड्डा रोड़ी तक ले जाया गया। पुलिस ने दो-तीन दिन तक आसपास के पूरे इलाके में कटी हुई लाश और अंगुली को तलाश करने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। सफलता नहीं मिली। साथ ही आसपास के गांवों और ढाणियों में गुरुद्वारों एवं मंदिरों से बुनियादी भी करवाई कि अगर कहीं कोई सिर या अंगुली कटी हुई मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत थाने में दी जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब तक शिनाख्त नहीं होती तब तक इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा होना मुश्किल है।