मुंबई
ICC ने बीते दिन टी-20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज 17 अक्टूबर से होगा और फाइनल 14 नवंबर को खेला जाएगा। टी-20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल सामने आने के बाद टीम इंडिया के विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने एक बड़ी भविष्यवाणी की है। कार्तिक के मुताबिक, टूर्नामेंट के फाइनल में भारत का सामना वेस्टइंडीज के साथ देखने को मिल सकता है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच होगा फाइनल
बीते दिन डिजिटल शो में टी-20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान किया गया। इस कार्यक्रम का हिस्सा दिनेश कार्तिक भी थे, जो फिलहाल भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में कॉमेंट्री कर रहे हैं। शो के दौरान जब कार्तिक से फाइनलिस्ट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, भारत उनकी फेवरेट है और उसके बाद वेस्टइंडीज का नाम आता है।
दिनेश कार्तिक ने कहा- टी20 वर्ल्ड कप में मेरी फेवरेट टीम भारत है और दूसरी फेवरेट टीम वेस्टइंडीज है। मुझे लगता है कि टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच भारत और वेस्टइंडीज के बीच ही खेला जाएगा। भारत ने वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ हर मैच जीता है और मैं चाहूंगा कि यह रिकॉर्ड बना रहे।

2016 टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज ने भारत को 7 विकेट से हराया था।
वेस्टइंडीज मार सकती है बाजी
कार्तिक ने कहा- जिस तरह से वेस्टइंडीज की टीम क्रिकेट खेल रही है उसको देखते हुए मैं ऐसा कह रहा हूं कि वह फाइनल में पहुंच सकती है। मुझे लगता है कि यह फॉर्मेट उन्हें पसंद है। इसमें वह अपना बेस्ट प्रदर्शन करते हैं। मैं फाइनल में वेस्टइंडीज को देखना पसंद करूंगा। मैं चाहता हूं कि वे इसे जीतें, लेकिन यह उस दिन की विपक्षी टीम पर निर्भर करेगा।
खराब रहा है भारत का प्रदर्शन
वैसे टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और वेस्टइंडीज के बीच अभी तक इतिहास की बात करें, तो दोनों टीमों का कुल चार बार आमना-सामना हुआ है। इस दौरान वेस्टइंडीज ने तीन, जबकि भारत को सिर्फ एक मुकाबले में जीत नसीब हुई है। आंकड़ें के हिसाब से कैरेबियाई टीम का पलड़ा भारी नजर आता है।
अलग-अलग ग्रुप में दोनों टीमें
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमों को अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है। दो बार की टी-20 चैंपियन वेस्टइंडीज ग्रुप-1 में हैं, जबकि भारत को पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के साथ ग्रुप-2 में रखा गया है।