नई दिल्ली
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे उनकी तुलना भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली से भी होती रहती है। बाबर तीनों फॉर्मेट में आईसीसी की रैकिंग में टॉप-5 में जगह बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। वह टेस्ट में पांचवें स्थान पर है लेकिन सफेद गेंद के दोनों प्रारूपों में शीर्ष पर हैं। हाल ही भारतीय टीम में जगह बनाने वाले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के स्टार फिनिशर दिनेश कार्तिक का मानना है कि बाबर खेल के इतिहास में सभी प्रारूपों में नंबर 1 स्थान हासिल करने का दम रखते हैं।
उन्होंने कहा, ”वह एक हाई क्वालिटी वाला खिलाड़ी है जो अपनी बल्लेबाजी कौशल के चरम पर है और वह कुछ टेस्ट मैच खेलने जा रहा है। वह खेल के तीनों प्रारूपों में असाधारण रहा है और उसने विभिन्न बल्लेबाजी स्थानों पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं उसे शुभकामनाएं देता हूं और मुझे लगता है कि उसके पास क्षमता है।”
हालांकि बाबर आजम को अभी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बहुत कुछ हासिल करना है। वह पिछले सात साल से अंतरराष्ट्रीय खेल रहे हैं। कार्तिक को लगता है कि उनमें फैब फोर में शामिल होने की क्षमता है, जिसमें भारत के विराट कोहली, इंग्लैंड के जो रूट, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन शामिल हैं।
कार्तिक ने कहा, “यह एक बहुत मजबूत ‘फैब फोर’ है जिसके बारे में हम बात कर रहे हैं और वे स्पष्ट रूप से बहुत लंबे समय से हैं, लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं है कि बाबर के पास वह सब कुछ हैं और वह इसे ‘फैब फाइव’ बनाने जा रहा है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह वहां है या वहां होने वाला है … वह एक बहुत ही खास खिलाड़ी है।”