जयपुर
राजस्थान में लंबे समय से अटके मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों पर अब कांग्रेस हाईकमान ने फोकस करना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की दिल्ली यात्रा में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ बदलावों के ब्लू प्रिंट पर पहले दौर की चर्चा हो चुकी है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक गहलोत का जल्द एक और दिल्ली दौरा होगा। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात होनी है। सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद राजस्थान के बदलावों को हरी झंडी मिल जाएगी।
मंत्रिमंडल फेरबदल के साथ ही बड़ी राजनीतिक नियुक्तियां भी की जाएंगी। बोर्ड, आयोग और सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर नियुक्तियां होगी। गहलोत सरकार की तीसरी वर्षगांठ से पहले इन सब कामों को पूरा करने की तैयारी है। राजस्थान में मुख्यमंत्री को मिलाकर 30 मंत्री बन सकते हैं। अभी 21 पद भरे हैं, मंत्रिमंडल में 9 जगह खाली है। तीन से चार मंत्रियों को संगठन में जिम्मेदारी देने से 12 से 13 जगह खाली हो जाएगी। इनमें पहले फेज में 10 नए चेहरों को मौका मिलने की गुंजाइश रहेगी। रणनीतिक तौर पर दो से तीन पद खाली रखे जा सकते हैं।