अंतरराष्टÑीय समपार जागरूकता सप्ताह में किया जागरूक हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। रेलवे विभाग की ओर से 3 जून से मनाए जा रहे अंतरराष्टÑीय समपार जागरूकता सप्ताह का समापन गुरुवार को हुआ। सप्ताह के दौरान रेलवे अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से दुर्घटना रोकने के लिए समपार फाटकों पर जाकर वाहन चालकों व राहगीरों को फाटक पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन मास्टर नागेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि 3 से 9 जून तक अंतरराष्टÑीय समपार जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत सभी रेलवे फाटकों, पेट्रोल पंपों सहित सार्वजनिक स्थलों पर रेलवे विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की ओर से नागरिकों को जागरूक किया गया कि जब वे रेलवे फाटक पर पहुंचते हैं और वहां फाटक नहीं है तो वे दोनों तरफ देखें कि कोई गाड़ी तो नहीं आ रही। उसके बाद ही रेलवे लाइन को पार करें। इसके अलावा रेलवे फाटकों पर नागरिकों को जागरूक किया गया कि अगर रेलवे फाटक बंद है तो अवैध रूप से फाटक को क्रॉस न करें। यदि बंद फाटक को अवैध रूप से पार किया जाता है तो रेलवे के अधिनियम 1989 की धारा 160 के तहत संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने का प्रावधान है। इसमें आर्थिक दण्ड या पांच वर्ष के कारावास की सजा है। इसके अलावा धारा 146 के तहत 6 माह के कारावास व एक हजार रुपए के जुर्माने अथवा दोनों से दण्डित किए जाने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि अधिकतर हादसों में फाटक पार करने के दौरान बरती गई लापरवाही वजह रहती है। इसलिए सप्ताह के तहत विभिन्न फाटकों पर लोगों को साइन बोर्ड व अन्य सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि नागरिकों को जागरूक करने के लिए पम्पलेट-पोस्टर छपवाए गए। इन पोस्टरों व पम्पलेट को जगह-जगह रेलवे फाटकों के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर चिपकाया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान चलाने के पीछे का मकसद रेल से फाटक पर होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।