नए नम्बर के साथ अनूपगढ़ से बठिंडा ट्रेन का संचालन शुरू
by seemasandesh
रेल राज्यमंत्री व संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्यमंत्री ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
यात्रियों को मिलेगी राहत, कोरोना काल से बंद थी ट्रेन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। कोरोना काल से बंद पड़ी अनूपगढ़-बठिंडा स्पेशल ट्रेन का दोबारा संचालन शुरू हो गया। रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दादाराव पाटील दानवे व संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बुधवार शाम को दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना किया। मुख्य कार्यक्रम अनूपगढ़ रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम 5 बजे हुआ। हरी झंडी दिखाने के बाद गाड़ी संख्या 04709 अनूपगढ़-बठिंडा स्पेशल अनूपगढ़ से 17.30 बजे रवाना होकर 22.45 बजे बठिंडा पहुंची। इसके बाद गुरुवार से नियमित रेलसेवा शुरू हो गई। खास बात यह कि कोरोना काल से बंद पड़ी अनूपगढ़-बठिंडा स्पेशल ट्रेन के दोबारा संचालन के साथ ही बठिंडा-सिरसा स्पेशल नई ट्रेन की शुरूआत भी हुई है। कोरोना काल में बंद हुई अनूपगढ़-बठिंडा स्पेशल ट्रेन का पुन: संचालन शुरू करवाने के लिए यात्रियों की ओर से लम्बे समय से मांग की जा रही थी। दोनों तरफ से यह ट्रेन वाया डबवाली, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, श्रीविजयनगर होते हुए संचालित होगी। हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन मास्टर नागेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि अनूपगढ़ से बठिंडा होते हुए सिरसा तक नई गाड़ी चलाई गई है। यह गाड़ी अनूपगढ़ से दोपहर 12.15 बजे चलकर बठिंडा पहुंचेगी। बठिंडा से शाम 7.10 बजे सिरसा रवाना होगी। हनुमानगढ़ में यह ट्रेन 3.12 बजे पहुंचेगी। 5 मिनट ठहराव के बाद यह ट्रेन 3.17 बजे बठिंडा रवाना होगी। वापसी में बठिंडा से सुबह 6.40 बजे चलकर यह ट्रेन 8.30 बजे पहुंचेगी। दस मिनट ठहराव के बाद 8.40 बजे यह ट्रेन अनूपगढ़ के लिए रवाना होगी। उन्होंने बताया कि यह गाड़ी कोरोना काल में यात्री भार कम होने के कारण बंद कर दी गई थी। कोरोना काल के बाद लोगों को बठिंडा-अनूपगढ़ आदि जगह जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अनूपगढ़ बॉर्डर क्षेत्र होने के कारण वहां सैनिकों व किसानों का आवागमन रहता है। जनता की मांग को सरकार ने पूरा किया है। अब पुन: इस ट्रेन का संचालन नए नम्बर 04771 और 04772 के साथ किया गया है। पहले यह ट्रेन 04781 और 04782 के नम्बर से चलती थी।