Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

देश व समाज की प्रगति के लिए शिक्षा में सम्पन्नता आवश्यक

  • एआईसीटीई के वाइस चेयरमैन डॉ. एमपी पूनिया पहुंचे श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    एआईसीटीई के वाइस चेयरमैन डॉ. एमपी पूनिया शनिवार को श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय पहुंचे। गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा व विश्वविद्यालय के डायरेक्टर जनरल पूर्व आईजी गिरीश चावला ने डॉ. पूनिया की अगवानी करते हुए गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। इस मौके पर मौजूद शिक्षकों को संबोधित करते हुए डॉ. पूनिया ने बताया कि आज भारत में उच्च शिक्षा में प्रवेश दर मात्र 27 प्रतिशत है। तकनीकी शिक्षा में हमारे पास 32 लाख सीटें हैं। इसमें से प्रतिवर्ष मात्र 18 लाख सीटें ही भर पाती हैं। इसमें से लगभग 13 लाख विद्यार्थी ऐसे हैं जो डिग्री ले पाते हैं तथा लगभग 6.5 लाख के आसपास विद्यार्थी ऐसे हैं जो डिग्री के पश्चात रोजगार प्राप्त कर पाते हैं। बाकी विद्यार्थी बेरोजगारों की श्रेणी में शामिल हो जाते हैं। यह हमारे लिए चिंतनीय विषय है। डॉ. पूनिया ने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए व्यवहारिक व रोजगार उन्मुख शिक्षा को बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है। क्योंकि शिक्षा की सम्पन्नता ही राष्ट्र की सम्पन्नता की परिचायक है। विश्वविद्यालय के डायरेक्टर जनरल गिरीश चावला ने कहा कि डॉ. पूनिया हमारे क्षेत्र के शिक्षारत्न हैं। वह समय-समय पर विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को मार्गदर्शन करते रहते हैं। उनका स्वयं का जीवन सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि शिक्षकों को चाहिए कि वे अपने सीखने की प्रवृत्ति को सतत् रखें। वर्तमान शैक्षिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शिक्षक को सदैव अपडेट रहना चाहिए इसी से वे बच्चों को कुछ अच्छा दे पाएंगे। सभा में मौजूद शिक्षकों ने डॉ. पूनिया से सवाल-जवाब कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। शिक्षकों के उत्साह को देखते हुए डॉ. पूनिया ने कहा कि वह इस विश्वविद्यालय में पहुंचकर अपने आप को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं क्योंकि उन्हें यहां के शिक्षकों में एक गजब का जोश व उत्साह देखने को मिला है। इस यूनिवर्सिटी की प्रगति भी अचंभित करने वाली है। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कृषि विभाग अध्यक्ष डॉ. आरए मीणा, प्रशासक डॉ. छत्रसाल सिंह राघव, रजिस्ट्रार डॉ. श्यामवीर सिंह, प्रवेश शाखा प्रभारी डॉ. कोविंद कुमार, फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील ठकराल सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। सभा की समाप्ति पर डॉ. पूनिया ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर स्वच्छ पर्यावरण व स्वस्थ वातावरण का संदेश दिया।