राजीव गांधी स्टेडियम में ग्राम पंचायतों को वितरित की गई खेल किट हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल का ब्लॉक स्तरीय आयोजन 12 सितम्बर से शुरू होगा। आयोजन को लेकर शनिवार को जंक्शन के राजीव गांधी स्टेडियम में ग्राम पंचायतों को खेल किट वितरित की गई। इस दौरान किट वितरण प्रभारी प्रधानाचार्य पवन पारीक की देखरेख में ग्राम पंचायतों को कुल 2258 किट वितरित की गई। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के प्रभारी सुखदीप सिंह ने बताया कि हनुमानगढ़ ब्लॉक में करीब 2400 खिलाड़ियों को किट वितरित की जा चुकी है। कमेटी बनाकर अलग-अलग स्तर पर किटें वितरित की जा रही हैं। अब तक सभी छह खेलों के लिए हनुमानगढ़ ब्लॉक में 2346 खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। महिला एवं पुरुष वर्ग की 205 टीमें ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। मैदान निर्माण के लिए भी अलग-अलग कमेटियों का गठन किया गया है। खेल मैदानों की साफ-सफाई का कार्य चल रहा है। रविवार शाम तक सभी खेल मैदान तैयार हो जाएंगे। टीमों का ड्रॉ निकाल दिया गया है। हनुमानगढ़ ब्लॉक में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल के ब्लॉक स्तरीय आयोजन के लिए चार खेल मैदान चिह्नित किए गए हैं। इनमें सरस्वती कन्या महाविद्यालय के खेल मैदान में क्रिकेट और कबड्डी के महिला वर्ग के मुकाबले होंगे। गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में हॉकी और वॉलीबॉल के मैच होंगे। बेबी हैप्पी कॉलेज के खेल मैदान में पुरुष वर्ग के क्रिकेट के मैच होंगे। इसके अलावा महिला वर्ग के खो-खो, पुरुष वर्ग के कबड्डी, शूटिंग बॉल के मैच राजीव गांधी स्टेडियम में करवाए जाएंगे। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सीबीईओ सीमा भल्ला की ओर से शारीरिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था के लिए बीडीओ को अधिकृत किया गया है। जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि 12 सितम्बर से ग्रामीण ओलम्पिक को लेकर ब्लॉक स्तरीय आयोजन शुरू होंगे। इसमें हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को किट उपलब्ध करवाई जाएगी। जो राज्य स्तर से भेजी गई है। जिला मुख्यालय पर कुल 19 हजार 600 कीट जिला मुख्यालय पहुंची है। उन्होंने बताया कि इन किट को ब्लॉक स्तरीय आयोजन के दिन 12 सितंबर को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के जरिए खिलाड़ियों को भेंट किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खेलों के तय शेड्यूल के अनुसार ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजन 29 अगस्त से 1 सितम्बर के आयोजन के बाद अब ब्लॉक स्तर पर आयोजन 12 सितम्बर से 15 सितम्बर तक और जिला स्तर पर 22 सितम्बर से 25 सितम्बर तक और राज्य स्तरीय आयोजन 2 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे। राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों में जिन 6 खेलों को शामिल किया गया है उनमें बालक और बालिका दोनों वर्ग में कबड्डी, वॉलीबॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट एवं हॉकी शामिल है। वहीं खो-खो केवल बालिका वर्ग और शूटिंग वॉलीबॉल केवल बालक वर्ग के लिए शामिल किया गया है। उधर, ब्लॉक स्तर पर होने वाले खेलों को लेकर खिलाड़ी भी पूर्वाभ्यास में जुटे हैं।