पकड़े गए युवक के खिलाफ पूर्व में भी दर्ज हैं आठ मुकदमे हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन पुलिस ने 315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी को कारतूस देने की फिराक में था कि मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पहले ही धर दबोचा। पुलिस आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार हैड कांस्टेबल मनीष बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम शाम को गश्त कर रही थी। गश्त करते हुए पुलिस टीम टिब्बी रोड पर स्थित रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि भानीराम उर्फ भानी निवासी बरकत कॉलोनी, टाउन अभी टिब्बी रोड पर एचएमएच नहर की पुलिया पर बैठा है। उसके पास 315 बोर के दो जिंदा कारतूस हैं। वह किसी को यह कारतूस देने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम टिब्बी रोड पर एचएमएच नहर की पुलिया के पास पहुंची तो पुलिया पर एक व्यक्ति बैठा हुआ दिखाई दिया तो पुलिस पार्टी को देखकर वहां से उठकर चलने लगा। पुलिस टीम ने उसे रूकवा पूछताछ की तो युवक की पहचान भानीराम उर्फ भानी (26) पुत्र मदन लाल ब्राह्मण निवासी वार्ड 47, बरकत कॉलोनी, टाउन के रूप में हुई। तलाशी के दौरान भानीराम के पहनी पेंट की जेब में 315 बोर के दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने कारतूस बरामद कर मौके से भानीराम को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई रतनलाल को सौंपी गई है। हैड कांस्टेबल मनीष बिश्नोई ने बताया कि पकड़े गए भानीराम के खिलाफ पूर्व में आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, आबकारी अधिनियम इत्यादि के मुकदमे शामिल हैं।