शहर के साथ लगने वाले गांवों में भी सड़कों का विकास किया जाएगा श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। विधायक राजकुमार गौड़ ने कहा है कि दो वर्षों में 100 करोड़ रुपए की सड़कों का निर्माण गंगागनर विधानसभा क्षेत्र में करवाया गया है। शहर के साथ लगने वाले गांवों में भी सड़कों का विकास किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में 5 करोड़ की राशि व्यय कर सड़कों का निर्माण किया गया है तथा 5 करोड़ की राशि से और विभिन्न सड़कें बनाई जाएंगी। श्रीगंगानगर शहर में भी 30 किलोमीटर लम्बी सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी के माध्यम से भिजवाए गए हैं, जिसका लाभ भी आमजन को मिलेगा। सोमवार को गांव 10 एलएनपी में 4.62 लाख रुपए की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग सड़क के लोकार्पण व 15 एमएल में 1.88 लाख रुपए की लागत से लगाए जा रहे बोरवेल का शिलान्यास करने के अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्रीगंगानगर शहर को जोड़ने वाली सभी सड़कों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र का भी सर्वांगीण विकास हो, ग्रामीणों को भी शहरी नागरिकों के अनुरूप सुविधाएं मिलें। इसी बात को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। विधायक ने कहा कि शहर एवं गांव का समान रूप से विकास करवाया जा रहा है। विकास कार्यों में किसी प्रकार के आर्थिक संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने सभी से गाइडलाइन की पालना करने का आग्रह किया ताकि कोरोना की तीसरी लहर को रोका, सीमित किया जा सके। सरपंच विद्यादेवी यादव, पंच ममता भाटी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।