करवाया ब्रह्मभोज, बुधवार को धरनास्थल से कलक्ट्रेट तक निकालेंगे ट्रैक्टर रैली हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मेगा हाइवे पर स्थित गांव कोहला के पास हड्डा रोडी स्थानांतरित करने के खिलाफ ग्रामीणों की ओर से हड्डा रोडी हटाओ संघर्ष समिति के बैनर तले शुरू किया गया बेमियादी आंदोलन रविवार को 13वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत हड्डा रोडी के पास चल रहे धरने पर रविवार को कई ग्रामीण बैठे। पुरुषों के साथ महिलाएं व बच्चे भी धरना दे रहे हैं। रविवार को धरनास्थल पर मृत माने गए जिला प्रशासन के पानी ढाल कार्यक्रम की रस्म अदा की गई। समिति के पृथ्वीराज शर्मा ने बताया कि धरना स्थल पर रविवार को मृत माने गए जिला प्रशासन के पानी ढाल की रस्म करते हुए मृतक की आत्मिक शांति के लिए 12 ब्राह्मणों को भोजन (ब्रह्मभोज) भोजन करवाया गया। साथ ही हवन किया गया। इसके बाद धरना स्थल पर आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। इसके तहत बुधवार को गांव कोहला में चल रहे धरने से जिला कलक्ट्रेट तक ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। फिर कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी अनुमति के लिए सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। रविवार को धरना स्थल पर श्योचंद वर्मा, चुन्नीलाल शर्मा, मोटाराम मूंड, रामकुमार मधानिया, सतपाल कांटीवाल, राजेन्द्र स्वामी, श्यामलाल स्वामी, नरसी, कृष्णलाल, श्रवण गोदारा, रतनाराम मेघवाल, गोपीराम छिम्पा, भंवरसिंह शेखावत, सरोज देवी, पलक टाक, ज्योति शर्मा, रविना भादू, गुड्डी देवी, नैना देवी, कस्तूरी देवी, ममता देवी, नीतू शर्मा, वर्षा छिम्पा, निक्को देवी, सुगनी देवी सहित कई अन्य पुरुष एवं महिलाएं मौजूद थीं।