श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। शहर के व्यापारियों की सबसे बड़ी संस्थाओं में से एक ट्रेडर्स असोसिएशन के रविवार को हुए चुनाव में व्यापारियों ने एक बार फिर युवा पर भरोसा जताते हुए धर्मवीर डूडेजा को विजेता का ताज पहनाया है। चुनाव की घोषणा से पूर्व ही डूडेजा की जीत लगभग पक्की मानी जा रही थी और रविवार शाम आए परिणाम ने इस पर मोहर लगा दी। जैसे ही चुनाव अधिकारी ने डूडेजा के 931 वोटों से विजयी होने की घोषणा की उनके समर्थकों ने जमकर पटाखे फोड़े और गुलाल उड़ा बधाई दी।
अध्यक्ष पद के अलावा कोषाध्यक्ष, सचिव अन्य पदों पर कांटे की टक्कर देखने को मिली, जबकि सह सचिव के पद रजत बंसल को पहले ही निर्विरोध चुन लिया गया था। जानकारी अनुसार दी गंगानगर ट्रेडर्स असोसिएशन के चुनाव में रविवार को कुल 1234 वोट में से 1184 वोट पोल हुए हैं। ऐेसे में मतदान का प्रतिशत कुल 96 रहा। मतदान सुबह आठ से शाम चार बजे तक तक हुआ। मतदान को लेकर व्यापारी वर्ग में काफी उत्साह व जोश देखा गया।
सुबह से लेकर शाम तक असोसिएशन भवन में व बाहर खूब भीड़ लगी रही। पुरूषों के अलावा महिलाओं ने भी अपनी भागीदारी निभाई। कई बुजुर्ग महिलाएं तो पोतों के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंची। अध्यक्ष,उपाध्यक्ष,सचिव व कोषाध्यक्ष के उम्मीदवार आखिरी असोसिएशन भवन के बाहर प्रत्येक मतदाता से राम-राम और वोट के लिए मनुहार करते नजर आए।