धान-मूंग की सरकारी खरीद की मांग, कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन
by seemasandesh
किसानों से जुड़ी छह सूत्री मांगों को लेकर जिला कलक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। धान-मूंग की सरकारी खरीद करने सहित किसानों से जुड़ी छह सूत्री मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने सोमवार को जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मांगों के संबंध में जिला कलक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। यूनियन के रेशमसिंह ने बताया कि धान और मूंग की फसल की कटाई शुरू हो चुकी है। इसलिए जल्द से जल्द सरकारी खरीद पर किसान का दाना दाना खरीदा जाए। जिले में कृषि कनेक्शन में कई स्थानों पर लम्बे समय से बिजली के मीटर खराब हैं। बार-बार विभाग को अवगत करवाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एवरेज बिल के नाम पर किसानों के साथ ठगी की जा रही है। इससे किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा। जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करवाया जाए। उन्होंने बताया कि किसान को नरमा बिजाई के समय विभिन्न कम्पनियों की ओर से महंगे बीज दिए गए। बीज नकली होने की वजह से किसानों को बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में जल्द उचित कार्यवाही कर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलवाया जाए। उन्होंने बताया कि नकली पेस्टीसाइड स्पलाई होने की वजह से क्षेत्र में कई स्थानों पर नरमे की फसल बर्बाद हो चुकी है। नकली पेस्टीसाइड बेचने वाले दोषियों के खिलाफ कार्यवाही हो और जो किसान का नुकसान हुआ है उसकी भरपाई करवाई जाए। किसानों को समय पर डीएपी खाद उपलब्ध करवाई जाए। इसके अलावा कृषि कार्य के लिए किसानों को बिजली की सप्लाई 5 से 5.30 घंटे हो रही है। इस वजह से इस बार पकी हुई फसल भी नष्ट हो रही है। कम से कम कृषि कार्य के लिए 7 घंटे बिजली सप्लाई की जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि अगर इन मांगों पर प्रशासन व सरकार की ओर से ध्यान नहीं दिया जाता है तो आने वाले दिनों में हनुमानगढ़ जिले के किसान व मजदूर संगठनों से तालमेल बैठाकर संयुक्त किसान मोर्चा हनुमानगढ़ के बैनर के नीचे एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर रायसिंह, गुरजीत सिंह, लखविन्द्र सिंह, राजवीर सिंह, लखवीर सिंह आदि मौजूद थे।