Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नगर परिषद में बजट पेश: 10 साल में पहली बार साढेÞ तीन घंटे चली बोर्ड बैठक

सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर।
नगर परिषद की बैठक में शुक्रवार को 150.68 करोड़ रुपए का बजट प्रस्ताव पेश हुआ, जो हंगामें के बीच पास कर दिया गया। नगर परिषद में 10 साल बाद ऐसा हुआ है कि बैठक साढ़े 3 घंटे तक चली। वरना कुछ मिनटों में ही बैठक खत्म हो जाती थी। बैठक की शुरुआत में नगर परिषद सभापति श्रीमती करुणा चांडक, उपसभापति लोकेश मनचंदा और आयुक्त सचिन यादव ने पार्षदों के साथ नशा मुक्त गंगानगर की शपथ ली। इसके बाद आयुक्त ने बजट का ब्यौरा पेश किया। उन्होंने बताया कि लगभग 150 करोड़ रुपए के अनुमानित बजट में से 32 करोड़ रुपए सौंदर्यकरण, नाली, सड़क, पार्क, पुलिया आदि पर खर्च किए जाएंगे। सफाई और कचरा निस्तारण के लिए 18.50 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। इसमें साढे चार करोड़ रुपए वह भी शामिल है जिससे डम्पिंग पॉइंट पर लगे कचरे के ढेरों का निस्तारण किया जाना है। करीब पन्द्रह करोड़ की लागत से संसाधन खरीद किए जांएगे। नगर परिषद के कमरों की खस्ता हालत को देखते हुए बताया कि तीन मंजिला नई बिल्डिंग बनाई जाएगी। पर्यटन को बढावा मिले, इसके लिए पार्को में सेल्फी पॉइंट आदि बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहर में कचरा निस्तारण की बड़ी समस्या है। इसके लिए चक छह जैड स्थित कचरा संग्रहण स्थल पर 4.50 करोड़ रुपए की लागत से यहां लगे कचरे के ढेर हटाए जाएंगे। इसी बीच पार्षद अपने बात रखने लगे और देखते ही देखते अन्य कई पार्षद टोका-टाकी करने लगे और हंगामा हो गया। बाद में तय हुआ कि वार्ड वाइज क्रमवार पार्षद अपनी बात दो-तीन मिनट के लिए रखेंगे। इसके चलते सुबह 10.56 मिनट पर शुरू हुई बैठक में दोपहर 2.30 बजे सर्वसम्मति से 15068.45 लाख रुपए (150.68 करोड़) का बजट पारित किया गया। सभापति करुणा चाण्डक ने कहा कि शहर सभी का है और इसके विकास को लेकर सभी को मिल कर काम करना चाहिए। इससे पहले पूर्व सभापति जगदीश जांदू के कार्यकाल में एक बैठक शाम 4 बजे तक चली थी।