बाइक भी जब्त, डीएसटी सेक्टर नोहर के सहयोग से पल्लू पुलिस की कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले की पल्लू पुलिस ने मंगलवार रात्रि को गांव पूरबसर के पास डीएसटी सेक्टर नोहर के सहयोग से कार्रवाई करते हुए नशे में इस्तेमाल होने वाली टेबलेट बरामद कर बाइक सवार युवक को गिरफ्तार किया। पल्लू पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच रावतसर पुलिस को सौंपी है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़ की ओर से मादक पदार्थांे की तस्करी, बिक्री व अवैध हथियारों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों संबंधी सूचना देने के लिए जारी किए गए व्हाट्सएप नम्बर 87645-31201 पर आमजन की ओर से दी गई सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार पल्लू पुलिस थाना प्रभारी एसआई अमरसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डीएसटी सेक्टर नोहर की सूचना पर मंगलवार रात्रि को रोही पूरबसर में चान्देड़ी बड़ी रोड पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने वहां से मोटर साइकिल नम्बर आरजे 49 एसई 6014 पर सवार होकर जा रहे एक जने को रूकवा तलाशी ली तो एक पैकेट में नशीली टेबलेट के 30 पत्ते मिले। इनमें कुल 300 टेबलेट थे। पुलिस ने नशीली टेबलेट बरामद कर मौके से विनोद कुमार (26) पुत्र ठाकरराम मेघवाल निवासी निमला पीएस खुइयां को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बाइक जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच रावतसर पुलिस थाना के एसआई अजय कुमार को सौंपी है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी अमरसिंह, एएसआई महावीर प्रसाद, हैड कांस्टेबल शंकरलाल, कांस्टेबल अजयपाल शामिल थे। इस कार्रवाई में डीएसटी सेक्टर नोहर की विशेष भूमिका रही।