हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन स्थित नॉर्थ पॉइंट पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने स्कूल संचालक विजयसिंह चौहान के नेतृत्व में बुधवार को टाउन स्थित भटनेर दुर्ग व शहीद स्मारक स्थल का शैक्षणिक भ्रमण किया। भटनेर दुर्ग के भ्रमण के दौरान बच्चों को प्राचीन किले के बारे में विस्तृत रूप से अवगत करवाया गया। शहीद स्मारक के किए गए भ्रमण के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता शंकर सोनी ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यह शहीद स्मारक भारतीय सशस्त्र स्वतंत्रता संग्राम के शहीद और क्रांतिकारी वीरों की स्मृति में बनाया गया है। सोनी ने कहा कि हमारे देश में अंग्रेज करीब दो सौ साल तक रहे। तब तक इन क्रांतिकारी वीरों ने हथियारों सहित अंग्रेजों से लगातार लड़ाई लड़ी। इन शहीदों के खून की बदौलत ही हमें आजादी मिली। लेकिन इतिहास में इन शहीदों के नाम का जिक्र नहीं है। आने वाली पीढ़ी इनसे अवगत रहे, इसी उद्देश्य से यह शहीद स्मारक बनाया गया है। इस स्मारक के जरिए युवा पीढ़ी को अच्छा नागरिक बनने का सन्देश दिया जा रहा है। इस मौके पर अध्यापिका दीक्षा, संतोष वर्मा, अनिता कुमारी, वंदना श्रीवास्तव, सुमन सुथार, सावित्री कस्वां, अन्नू कुमारी, रविश कुमार आदि मौजूद थे।