नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ एसपी कार्यालय का घेराव 24 को
by seemasandesh
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी की बैठक में हुआ निर्णय हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी की नई खुंजा ब्रांच की मीटिंग बुधवार को जंक्शन में लाल चौक के नजदीक स्थित शहीद भगतसिंह यादगार केन्द्र में हुई। बैठक में जिले भर में फैल नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए इस पर रोक लगाने के लिए मंथन किया गया। साथ ही पुलिस प्रशासन को चेताने के लिए धरना-प्रदर्शन की रणनीति तैयार की गई। बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की शह पर जिले भर में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। देश का भविष्य युवा पीढ़ी लगातार नशे की गर्त में धंसती जा रही है। 10-12 साल तक के बालक चिट्टा आदि का नशा कर रहे हैं। सब कुछ जानकर भी पुलिस अनजान बनी हुई है। यह सब प्रशासन की मिलीभगती से हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस के संरक्षण में जंक्शन की नई खुंजा, पुरानी खुंजा, गांव मक्कासर, दो केएनजे, टाउन के प्रेमनगर, सुरेशिया, आईटीआई बस्ती सहित अन्य क्षेत्रों में मादक व नशीले पदार्थांे की बिक्री हो रही है। इसके खिलाफ 24 जुलाई को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। घेराव-प्रदर्शन के बाद एसपी को मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा। अगर इसके बाद भी पुलिस इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं हुई तो आगामी दिनों में जनता को साथ लेकर नशे के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वक्ताओं ने युवा पीढ़ी को बचाने के लिए अधिकाधिक संख्या में 24 जुलाई को एसपी कार्यालय के घेराव-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। बैठक में तय किया गया एसपी कार्यालय के घेराव-प्रदर्शन को लेकर आसपास के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जनसम्पर्क किया जाएगा। बैठक में घेराव-प्रदर्शन को लेकर पार्टी कार्यकतार्ओं की ड्यूटियां लगाई गई। बैठक में पार्टी के आत्मासिंह, बहादुर सिंह चौहान, अमीर खान, वारिस अली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।