श्रीगंगानगर (वार्ता). राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकतार्ओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दौरे के मद्देनजर नहरों में दूषित पानी के मसले को लेकर आज प्रदर्शन किया।
भाजपा नेता संजय मूंदड़ा के नेतृत्व में कार्यकतार्ओं ने बिहाणी शिक्षा संस्थान में बनाए गए हेलीपेड के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वे श्रीगंगानगर जिले की नहरों में पंजाब से प्रदूषित पानी की आपूर्ति बंद करने की मांग कर रहे थे। श्री केजरीवाल एवं श्री मान के हेलीपैड पर पहुंचने से पहले प्रदर्शन करते हुए कार्यकतार्ओं ने कड़ा रोष जताया और पंजाब के नेताओं शर्म करो, जहरीला पानी बंद करो, भगवंत मान होश में आओ जैसे नारे लगाए।
श्री मूंदड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ने इस ज्वलंत मुद्दे पर आज तक ध्यान नहीं दिया है। नहरों में प्रदूषित जल लगातार आ रहा है। जन हितैषी होने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी और उसकी पंजाब सरकार के कारण श्रीगंगानगर जिले की जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल और श्री मान के समक्ष नहरों में प्रदूषित पानी का मुद्दा जनता ने कई बार उठाया है। उन्होंने आश्वासन भी दिए लेकिन समाधान की दिशा में एक कदम नहीं उठाया गया है। नहरों में पंजाब से पहले की तरह प्रदूषित पानी आ रहा है, जिसे पीने से लोगों में कैंसर और अन्य बीमारियां फैल रही हैं।