Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। रोटरी क्लब हनुमानगढ़ सेंट्रल की ओर से रविवार को जंक्शन स्थित चावला नर्सिंग होम में नि:शुल्क मेडिकल चेकअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ क्लब अध्यक्ष कमल जैन, प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ. कपूरी लाल गर्ग, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीके चावला ने किया। शिविर में अपेक्स हॉस्पिटल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र शर्मा ने सेवाएं दी। अनेकों लोगों ने जांच करवा कर शिविर का लाभ उठाया। क्लब के प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ. कपूरी लाल गर्ग ने बताया कि शिविर में छाती में दर्द होना, भारीपन, लंबे समय से खांसी, जल्दी थकान महसूस होना, घबराहट होना, अधिक पसीना आना, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, धड़कन कम-ज्यादा होना, चक्कर आना, बेहोश होना, पैरों में सूजन सहित अन्य रोगों के मरीजों की जांच की गई। अध्यक्ष कमल जैन के अनुसार क्लब की ओर से समय-समय पर आमजन की सेवार्थ विभिन्न शिविरों के साथ सामाजिक कार्य किए जाते हैं। इन चिकित्सा शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है ताकि छोटी सी बीमारी का गंभीर होने से पहले ही उसका उपचार हो सके। इस मौके पर क्लब सचिव बलजिन्द्र सिंह, सुरेंद्र सैनी, हेमंत गोयल, एपेक्स हॉस्पिटल के कॉर्डिनेटर संदीप गोयल आदि मौजूद रहे।