बिजली व पेट्रोल-डीजल की दरों में कमी कर आमजन को राहत देने की मांग
सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। आम आदमी पार्टी द्वारा महंगी बिजली व पेट्रोल-डीजल की अत्याधिक कीमतों के विरोध में जन जागरण अभियान के तहत नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। 3 ई छोटी स्थित करणी माता मन्दिर के समीप आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शंकर मेघवाल ने की। वीना चौहान, बीएस चौहान, सैयद अहमद नकवी, मोहित सेतिया, उमेश शर्मा, ओमप्रकाश आचार्य आदि वक्ताओं ने पार्टी की रीति-नीति एवं आगामी कार्यक्रमों व गतिविधियों की जानकारी दी। जिलाध्यक्ष शंकर मेघवाल ने कहा कि राजस्थान की जनता देश की सबसे महंगी बिजली दरों से त्रस्त है। इसके बावजूद सरकार बार-बार सरचार्ज बढा रही है। अब फिर 33 पैसे प्रति यूनिट का फ्यूल सरचार्ज लगा आमजन पर बोझ डाल दिया है। कोरोनाकाल में आमजन बेरोजगारी एवं काम-धंधों में मंदी के कारण पहले से ही आर्थिक रूप से परेशान है। जनता आज महंगाई और सरकारी लूट से पीड़ित है। प्रदेश में बिजली पहले ही महंगी थी और अब फ्यूल सरचार्ज लगाने के फैसले ने कोढ़ में खाज का काम करते हुए बिजली उपभोक्ताओं पर 550 करोड़ रूपये का बोझ डाल दिया। कांग्रेस जब पंजाब में सस्ती बिजली दे सकती है तो राजस्थान में क्यों नहीं? राजस्थान में देश में सर्वाधिक बिजली की दरें हैं, जबकि राजस्थान में भी कांग्रेस की सरकार है। आखिर राजस्थान में बिजली दरों में कटौती कब होगी? राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में दूसरे राज्यों की तुलना में पेट्रोल-डीजल की दरों में अब भी लगभग 17 रूपये प्रति लीटर का अंतर है। भारत में सबसे महंगा-डीजल पेट्रोल राजस्थान में मिल रहा है तथा राजस्थान में भी सबसे महंगा डीजल-पेट्रोल श्रीगंगानगर जिले का किसान, आमजन खरीदने के लिए मजबूर है।