बीकानेर
व्यापारी केईएम रोड पर नो-पार्किंग के विरोध में उतर आए हैं। बुधवार काे बाजार बंद करवा दिया। प्रशासनिक अधिकारियों से मिले तो उन्होंने कहा कि जनहित में व्यवस्था की है, सहयोग करना चाहिए। प्रशासन ने 10 मार्च से केईएम रोड पर नो-पार्किंग की। खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों के लिए वाहन खड़े करने की व्यवस्था रतनबिहारी पार्क में की गई।
व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों को दुकानों तक वाहन लाने की छूट दी जाए और रतनबिहारी पार्क में पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए। इसको लेकर केईएम रोड के व्यापारी बुधवार को इकट्ठा हुए और नो-पार्किंग के विरोध में नारेबाजी करते हुए बाजार बंद करवा दिया। इत्तला मिलने पर सीओ सिटी दीपचंद, टीआई प्रदीप चारण, कोटगेट थाना एसएचओ मनोज माचरा पुलिस बल सहित मौके पर पहुंच गए।
केईएम रोड पर प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने कलेक्टर भगवतीप्रसाद कलाल और फिर संभागीय आयुक्त नीरज के. पवन से मिलकर अपनी मांगे रखीं। व्यापारियों का कहना था कि नो-पार्किंग से ग्राहक आना बंद हो गए और उनका व्यापार प्रभावित हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जनहित में नो-पार्किंग की व्यवस्था की गई है।