नई दिल्ली
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को लेटेस्ट टेस्ट रैंकिंग जारी की। इसमें न्यूजीलैंड को टेस्ट चैंपियन बनाने वाले कप्तान केन विलियम्सन को एक पायदान का फायदा मिला और वे फिर से टॉप पर काबिज हो गए हैं। ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर स्टीव स्मिथ नंबर-2 पर फिसल गए। वहीं, भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को एक पायदान का नुकसान झेलना पड़ा है।
पंत 7वें नंबर पर आ गए हैं। इनके अलावा टॉप-10 में विराट कोहली और रोहित शर्मा अपने-अपने पायदान पर बरकरार हैं। कोहली चौथे और रोहित छठे नंबर पर हैं।
रहाणे को तीन पायदान का फायदा, पुजारा को नुकसान
टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में 49 और 15 रन बनाने वाले टीम इंडिया के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे को 3 पायदान का फायदा मिला है। वे 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, WTC फाइनल की दोनों पारियों में फ्लॉप रहने वाले चेतेश्वर पुजारा को 3 पायदान का नुकसान झेलना पड़ा है। वे 16वें नंबर पर पहुंच गए। पुजारा ने फाइनल की पहली पारी में 8 और दूसरी पारी में 15 रन बनाए थे।
विलियम्सन और स्मिथ के बीच 10 पॉइंट का अंतर
30 साल के विलियम्सन ने 18 जून से साउथैम्पटन में खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में 101 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी। उन्होंने पहली पारी में 49 और दूसरी पारी में नाबाद 52 रन बनाते हुए मैच जिताया था। वे अब 201 पॉइंट के साथ नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। उनके और स्टीव स्मिथ के बीच 10 पॉइंट का बड़ा अंतर है।
विलियम्सन सबसे पहले नवंबर 2015 में टॉप पर पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। दो हफ्ते पहले भी वे टॉप पर थे। तब स्मिथ ने उन्हें हटा दिया था। हालांकि, अब विलियम्सन फिर नंबर-1 बन गए हैं।
ऑलराउंडर्स में जडेजा को भी नुकसान
ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भारतीय स्पिनर रविंद्र जडेजा को भी नुकसान झेलना पड़ा है। वे दूसरे नंबर से तीसरे पर फिसल गए हैं। उन्हें इंग्लैंड के बेन स्टोक्स ने पीछे किया है। WTC फाइनल में जडेजा कुछ खास नहीं कर सके थे। उन्होंने सिर्फ एक विकेट लिया था। बल्लेबाजी में भी वे 15 और 16 रन ही बना सके थे।