बाड़मेर
राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर जिले में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पड़ोसी द्वारा पत्नी के अपहरण और रेप की धमकियों से आहत होकर एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने सुसाइड कर लिया। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
6 माह से परेशान कर रहा था पड़ोसी
चैहटन थानाधिकारी भुटटाराम विश्नोई ने बताया कि मृतक को उसका पड़ोसी नगाराम पिछले 6 माह से परेशान कर रहा था। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक आरोपी नगाराम मृतक की पत्नी को बार-बार फोन करता था। मृतक के भाई ने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि भाई की शादी 7 साल पहले गोहड़ का तला निवासी युवती से हुई थी। मृतक के दो बच्चियां हैं और वह खेती व मजदूरी का काम करता था।
कई लोगों ने समझाया था
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि पड़ोस के कई लोगों ने आरोपी नगाराम को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं माना है। इतना ही नहीं कुछ दिन पहले नगाराम ने मृतक को कहाकि तेरी पत्नी को मेरे पास भेज दे। ऐसा नहीं किया तो तेरे पत्नी का अपहरण करके ले जाऊंगा और रेप कर दूंगा। पुलिस के मुताबिक इन्हीं धमकियों से परेशान होकर मृतक ने रविवार को घर से थोड़ी दूर पेड़ से फंदा डालकर फांसी लगा ली। चैहटन थानाधिकारी भुटाराम के मुताबिक परिजनों ने पड़ोसी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।