जयपुर
जयपुर में ‘पति, पत्नी और वो’ का एक चौंकाने वाला आपराधिक मामला सामने आया है। शेयर मार्केट का काम करने वाले एक ठग आशिक ने जयपुर में एक युवती के साथ अफेयर चलाया। इस आशिक ने प्रेमिका को बर्थडे मनाने के बहाने अपने फ्लैट पर बुलाया। पार्टी के बाद युवती के साथ दुष्कर्म किया। दो बच्चों के पिता ने खुद को अविवाहित बताकर वैलेंटाइन डे पर 14 फरवरी 2018 को युवती से जयपुर में शादी भी कर ली। बारात में यहां साथ काम करने वाले दोस्तों को ले गया।
इसके बाद प्रेमिका के किराए के मकान में रहने लगा। वहीं, सीकर में मौजूद पत्नी को यह कहता रहा कि जयपुर में काम धंधे की वजह से रहना पड़ रहा है। करीब तीन साल चले इस नाटक की आखिर पोल खुल गई। सीकर में पत्नी ने अप्रैल 2021 में पुलिस में शिकायत की। तब सीकर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। दुष्कर्म और ठगी के केस में अब प्रेमिका की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। जयपुर में नाहरगढ़ थाना पुलिस ने ठग आशिक को मंगलवार रात को गिरफ्तार कर लिया।
नोटबंदी के बाद सेठ को घाटा होने लगा तब नौकरी छोड़कर जयपुर आया
डीसीपी (नार्थ) परिस देशमुख ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रदीप जोधा (33) सीकर जिले में उद्योग नगर का रहने वाला है। 12वीं पास प्रदीप पिछले कई सालों से शेयर मार्केट का काम करता है। उसकी वर्ष 2015 में शादी हो गई थी। नोटबंदी के बाद सेठ को घाटा लगने पर वह सीकर से जयपुर आकर किसी अन्य व्यक्ति के पास शेयर मार्केट का काम करने लगा। यहीं उसके फ्लैट पर रहने लगा। तब उसके एक दोस्त के मार्फत पेशे से ब्यूटीशियन 26 वर्षीया युवती से मुलाकात हुई।
दूसरे के मोबाइल नंबर लेने के बाद सोशल मीडिया पर चैटिंग के जरिए नजदीकियां बढ़ने लगीं। इस बीच प्रदीप ने दिसबंर, 2017 में युवती की बर्थडे पार्टी मनाने के बहाने अपने फ्लैट पर बुलाया। वहां युवती से दुष्कर्म किया। खुद को अविवाहित बताते हुए शादी करने की बात भी कही। वह युवती के घर भी आने जाने लगा। इसके बाद प्रदीप ने पीड़िता से वैलेंटाइन डे पर शादी कर ली।
डेढ़ साल बाद प्रेमिका को शादीशुदा होने का पता चला, तब होने लगी कहासुनी
नाहरगढ़ थानाप्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ साल बाद पीड़िता को प्रदीप के शादीशुदा होने का पता चल गया। तब से उनमें कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि वर्ष 2019 में पीड़िता का गर्भपात भी करवाया। इस बीच पीड़िता को प्यार के जाल में फंसाकर शातिर युवक ने प्रेमिका के जेवरों को फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर मोटी रकम उधार ले ली। युवती से रुपए वसूलता रहा। उसके घर वालों से पैसे मंगवाता रहा।
प्रेमिका से 2.11 लाख रुपए लेकर एक फ्लैट बुक करवा लिया। स्कूटी भी खरीद ली और भाग गया। पीड़िता ने किसी तरह अपनी ज्वेलरी को खुद ही रकम चुकाकर फाइनेंस कंपनी से छुड़वाया। लॉकडाउन में मनमुटाव बढ़ने लगा तब लड़का स्कूटी लेकर भाग गया। इस साल फरवरी माह में पीड़िता पुलिस थाने पहुंची, लेकिन बदनामी के डर से वापस चली गई।
पत्नी ने दहेज प्रताड़ना में जेल भिजवाया, प्रेमिका को धोखा देकर दुष्कर्म करने में गिरफ्तार करावाया
प्रदीप के अफेयर का पता चलने पर उसकी पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करवा दिया। FIR में यह भी लिखा कि उसका पति गर्ल फ्रेंड के साथ जयपुर में रहता है। तब वह गिरफ्तार हो गया। वहीं, हिम्मत जुटाकर पीड़िता युवती ने अपने परिजनों को बताया। प्रदीप के खिलाफ शराब पीकर मारपीट करने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अविवाहित होना बताकर शादी करने और जेवर व कीमती सामान हड़पने का केस दर्ज करवाया। तब स्पेशल टीम के कॉन्सटेबल बंशीधर, कॉन्सटेबल मनोज, संदीप व संजय की टीम ने दबिश देकर फरार आरोपी प्रदीप को 24 नंवबर को गिरफ्तार कर लिया।