राष्टपति ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका और कीर्तन श्रवण किया
अमृतसर (वार्ता)।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेका और ‘कड़ाह प्रसाद’ चढ़ाया तथा गुरबानी कीर्तन का श्रवण किया। मुर्मू को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने के अवसर पर पतासा प्रसाद देकर और फूल माला पहनाकर सम्मानित किया गया। वह लंगर चखने श्री गुरु रामदास जी भवन भी गई जहां उन्होंने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। राष्ट्रपति ने सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के अपने अनुभव को साझा करते हुए यात्रा पुस्तिका में लिखा, ‘‘मैं इस पवित्र स्थान पर आकर बहुत खुश हूं। सुंदर वास्तुकला और आध्यात्मिक शांति के साथ, यह पवित्र स्थान शांति और सद्भाव की भावना पैदा करता है। मैंने यहां देश की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की है। लंगर के दौरान सेवाकर्मियों को विशेष रूप से सेवा और भक्ति की भावना के साथ अथक परिश्रम करते हुए देखकर बहुत खुशी हुई। सिख गुरुओं की शिक्षा हमें भाईचारे और एकता का अभ्यास करने के लिए प्रेरित करती है।’’