दुबई
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को पिछले साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष टी-20 खिलाड़ी घोषित किया है। उनकी टक्कर इंग्लैंड के जोस बटलर, श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श से थी। रिजवान साल 2021 में शानदार फॉर्म में रहे थे। उन्होंने टी-20 में पिछले साल सबसे ज्यादा रन बनाए। वहीं, महिलाओं में इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाजी टैमी ब्यूमोंट को 2021 की सर्वश्रेष्ठ टी-20 खिलाड़ी का अवॉर्ड मिला है।
ब्यूमोंट ने पिछले साल खूब रन बनाए
ब्यूमोंट ने पिछले साल नौ मैचों में 33.66 की औसत से 303 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतकीय पारियां भी खेलीं। ब्यूमोंट 2021 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इंग्लैंड की तरफ से सबसे अधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं। ब्यूमोंट को पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में मैन ऑफ दी सीरीज का अवॉर्ड भी मिला। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी 97 रन की पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 2021 में टी-20 में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया था।
रिजवान शानदार फॉर्म में चल रहे
विकेटकीपर बल्लेबाज रिजवान ने साल 2021 में 29 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 73.66 की औसत और 134.89 के स्ट्राइक रेट से 1326 रन बनाए। उनका उच्चतम व्यक्तिगत स्कोर 104 नाबाद रनों का रहा। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 12 अर्धशतक जड़े हैं।
सेमीफाइनल में पहुंची थी पाकिस्तान टीम
इसके साथ रिजवान ने इस छोटे फॉर्मेट में पिछले साल 119 चौके और 42 छक्के लगाए हैं। रिजवान की शानदार पारियों की बदौलत ही पाकिस्तान ने विश्व कप में पहली बार भारत को शिकस्त दी। उनके कुछ शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान टीम सेमीफाइनल में पहुंची। वहीं, विकेट के पीछे भी उन्होंने शानदार भूमिका निभाई।
भारत के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन
पिछले साल यूएई में खेले गए टी-20 विश्व कप में उन्होंने भारत के खिलाफ 152 रन के चेज में बेहतरीन अर्धशतक लगाया था। उन्होंने 55 गेंदों पर 79 रन की नाबाद पारी खेली थी। इसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल हैं। इसकी बदौलत पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीत हासिल की थी। हालांकि, टीम विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हारकर बाहर हो गई।
पिछले साल 56 की औसत से रन बनाए
रिजवान ने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 44 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 56.32 की औसत से 1915 रन बनाए। इसमें दो सेंचुरी शामिल है। इसके अलावा उन्होंने विकेट के पीछे 56 शिकार भी किए।