न्यूजीलैंड के पाकिस्तान दौरा रद्द किए जाने के बाद अब इंग्लैंड भी पाकिस्तान दौरे को लेकर विचार कर सकता है। इंग्लैंड को अक्टूबर में पाकिस्तान का दौरा करना है। न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को मैच शुरू होने से ठीक पहले पाकिस्तान दौरे को सुरक्षा कारणों की वजह से रद्द करने का ऐलान किया था। अब इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने भी बयान जारी कर कहा है कि वह दौरे को लेकर विचार करेगा और 48 घंटे के अंदर पर अपने फैसले से अवगत करा देगा।
इंग्लैंड की पुरुष और महिला टीम को अगले महीने पाकिस्तान का दौरा करना है। पुरुष टीम को टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान में 13 और 14 अक्टूबर को टी20 मैच खेलना है। उसके बाद इंग्लिश टीम को पाकिस्तान से टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए UAE जाना है। अब माना जा रहा है कि इंग्लिश टीम पाकिस्तान न जाकर सीधे UAE में पहुंचेगी।
इंग्लैंड महिला टीम को भी पाकिस्तान में खेलना है टी20 और वनडे सीरीज
वहीं इंग्लैंड महिला टीम को पाकिस्तान दौरे पर 2 टी20 मैच के अलावा 3 वनडे मैचों की सीरीज भी खेलनी है। 13 और 14 अक्टूबर को टी20 मैच खेलना है, जबकि 17, 19 और 21 अक्टूबर को वनडे मैच।
इंग्लिश क्रिकेट बोर्ड (ECB) के एक प्रवक्ता ने कहा, “हमें पता है कि न्यूज़ीलैंड ने पाकिस्तान का दौरा सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया है। ऐसे में हमारी सुरक्षा एजेंसी जो पाकिस्तान में ही है और स्थिति को देखते हुए वह जैसा हमें बताती है, हम उसी हिसाब से अगले 24 से 48 घटें में फैसला करेंगे।”
2005 के बाद इंग्लैंड ने नहीं किया है पाकिस्तान का दौरा
पाकिस्तान क्रिकेट के लिए इंग्लैंड का यह दौरा काफी अहम है, क्योंकि इंग्लैंड ने 2005 के बाद से पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। वर्ल्डकप से पहले दो टी20 मैचों की सीरज को नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। पाकिस्तान ने भी लॉकडाउन के समय बायोबबल के अंदर इंग्लैंड में जाकर क्रिकेट खेला था। इंग्लैंड टेस्ट टीम को भी अगले साल पाकिस्तान दौरे पर जाना है, लेकिन उस दौरे को लेकर अभी कुछ कह पाना जल्दबाज़ी होगी। हालांकि इतना तो तय है कि अगर इस समय सुरक्षा कारणों से ये दौरा रद्द होता है तो इसका असर 2022 के टेस्ट दौरे पर भी पड़ेगा।