महाजन. कस्बे के बीच से गुजरने वाली कंवरसेन लिफ्ट नहर में मंगलवार शाम को पानी पीने उतरे एक युवक का पांव फिसलने से डूब गया। युवक का शव बुधवार सुबह बरामद हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार महाजन के वार्ड संख्या 8 के निवासी ताराचंद सोनगरा का पुत्र राजा बाबू मंगलवार शाम को रेलवे स्टेशन की तरफ से आ रहा था। प्यास लगने पर वह नहर में पानी पीने उतरा लेकिन अचानक पांव फिसलने से वह नहर में डूब गया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन व कस्बे के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय तैराकों की मदद से नहर में तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन रात हो जाने से सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह सीआई रमेश कुमार न्योल ने बीकानेर उच्चाधिकारियों से वार्ता कर एसडीआरएफ टीम बुलाई। इस टीम ने नहर में तलाशी अभियान चलाया। टीम ने घटना स्थल से कुछ ही दूर नहर से युवक का शव बरामद कर लिया। मृतक के बड़े भाई राकेश सोनगरा ने मर्ग दर्ज करवाई है।