स्ट्रीट लाइट, सफाई व अतिक्रमण में सुधार
गजसिंहपुर (सीमा सन्देश)। नगरपालिका में अधिशासी अधिकारी अरविन्द खन्ना ने यहां कार्यभार संभालने के बाद से कस्बे में साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं में बेहतरीन सुधार हुए हैं। इओ खन्ना को कार्यभार संभाले मात्र दो माह ही हुए हैं। उन्होंने सफाई व्यवस्था में सुधार तो करवाये ही हैं, वहीं लापरवाह सफाई कर्मियों को नोटिस भी जारी किये हैं।
ईओ द्वारा कस्बे में सड़कों पर सामान रखकर रास्ते बंद कर देने वाले दुकानदारों व रेहड़ी वालों को चेतावनी देते हुए रेडलाईन खींच कर सीमा रेखा तय की गई है। अब कोई भी दुकानदार सड़कों पर सामान नहीं लगा रहा। गौरव पथ पर अंधेरे का समाचार देखकर नगरपालिका अधिकार क्षेत्र में न होने पर भी 70 एलईडी ठीक करवा दी। नगरपालिका पार्क में रात्रि के समय अंधेरा होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने वहां हाईमास्ट लाइट लगवा दी।
ईओ खन्ना ने बताया कि वे जनहित में काम कर रहे हैं व आमजन से भी नगरपालिका का सहयोग करने की अपेक्षा रखते हैं। इओ के कार्यों की पालिकाध्यक्ष चमकौरसिंह व पार्षद शेरसिंह, संजय कैंथ, बलजिंद्रसिंह सोनी तथा कांग्रेस नेता मेहताबसिंह हुंदल आदि ने प्रशंसा की है।