पीडब्ल्यूडी ने खड़े किए हाथ तो नगर परिषद ने उठाया बीड़ा
by seemasandesh
60 लाख रुपए की आएगी लागत, आवागमन में होगी सुविधा हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन में सूरतगढ़ रोड पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास करीब तीन सौ मीटर क्षेत्र में नगर परिषद की ओर से सीसी सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। यद्यपि सूरतगढ़ रोड सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीन है लेकिन पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की ओर से सड़क निर्माण में असमर्थता जताए जाने के बाद नगर परिषद ने सीसी रोड का निर्माण करवाने का बीड़ा उठाया है। यही नहीं करीब एक किलोमीटर तक कारपेट सड़क के निर्माण के लिए भी नगर परिषद की ओर से सरकार को सिफारिश भेजी गई है। नगर परिषद की ओर से सीसी सड़क के निर्माण के लिए पूर्व में बनी सड़क को जेसीबी की मदद से तोड़ा जा रहा है। वहीं सूरतगढ़ की तरफ से आने वाले ट्रक व बसों के लिए बाइपास जबकि कार-जीपों के लिए ट्रक यूनियन की रोड की तरफ से शहर में प्रवेश की अस्थाई व्यवस्था की गई है।