12 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों के कोविड वैक्सीनेशन शुरू
by seemasandesh
जिले को मिली कोर्बेवैक्स की 70 हजार वैक्सीन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राष्ट्रीय वैक्सीनेशन दिवस के मौके पर बुधवार को जिले में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के कोविड-19 वैक्सीनेशन शुरू हो गया। वर्ष 2008 से वर्ष 2010 तक जन्मे 12 से 14 वर्ष तक की आयु के बच्चों के वैक्सीन लगाई गई। इस आयु वर्ग के बच्चों को बायोलॉजिकल ई लिमिटेड की कोर्बेवैक्स वैक्सीन लगाई गई। टीकाकरण उन्हीं बच्चों के हो रहा है जिनकी आयु जन्म दिनांक अनुसार 12 वर्ष पूर्ण हो चुकी है या उससे ऊपर 14 वर्ष तक है। इसके अलावा बुधवार से 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों के कोविड वैक्सीन (कोविशील्ड एवं कोवैक्सीन) की प्रिकॉशन डोज लगनी भी शुरू हो गई। कोविड वैक्सीन की द्वितीय डोज लगने के 9 माह के बाद ही प्रिकॉशन डोज लगाई जा रही है। जिला मुख्यालय पर जंक्शन में सब्जी मण्डी के नजदीक स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में टीकाकरण केन्द्र का जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने निरीक्षण किया। इस केन्द्र पर विद्यालय में अध्ययनरत 12 से 14 साल की आयु की छात्राओं को कोरोना से बचाव के लिए कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। इस दौरान जिला कलक्टर डिडेल ने भी छात्राओं को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रोत्साहित किया। मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशानुसार हनुमानगढ़ जिले में भी बुधवार से 12 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों के कोविड वैक्सीनेशन का कार्य शुरू हो गया है। मंगलवार रात्रि को ही जिले को 70 हजार वैक्सीन उपलब्ध हुई है। जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि जिले में आगामी एक-दो दिनों में इस आयु वर्ग के अधिकतम बच्चों के वैक्सीन किया जाए। जिला कलक्टर ने अभिभावकों से आग्रह करते हुए कहा कि वे नि:संकोच होकर अपने बच्चों को यह वैक्सीन लगवाएं। क्योंकि कोरोना के जिस प्रकार के वेरिएंट आ रहे हैं, उससे बचाव के लिए समाज के हर तबके को, हर आयु वर्ग को यह वैक्सीन लगवानी है। साथ ही कहा कि 12 से 14 साल आयु वर्ग के अलावा इससे अधिक आयु का भी कोई व्यक्ति अगर कोविड-19 वैक्सीनेशन से वंचित है तो वह अवश्य व जल्द ही वैक्सीनेशन करवाए। अगर किसी व्यक्ति ने दोनों डोज ले ली है और उसे 9 माह हो गए हैं तो वह प्रिकॉशन डोज लें। डिडेल ने कहा कि जिले में कोविड-19 वैक्सीनेशन पूर्व में भी अच्छा रहा है, बच्चों का भी वैक्सीनेशन बढ़िया रहा है। फिर भी जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि कोई भी बच्चा कोविड-19 वैक्सीनेशन से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान बीसीएमओ डॉ. ज्योति धींगड़ा, स्कूल प्रिंसिपल सीमा भल्ला आदि मौजूद थे।