Monday, September 28निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुणे में शरद पवार समेत कई नेताओं की कारों के काफिले को सिंथेटिक रेस ट्रैक पर खड़ा किया गया, सरकार की सफाई-पवार साहब के पैर में थी चोट

पुणे

महाराष्ट्र के पुणे में फिर एक बार VVIP कल्चर की धमक देखने को मिली है। यहां के शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स यानी बालवाड़ी स्टेडियम में एथलीट्स के लिए बने सिंथेटिक रेस ट्रैक पर कई कारों को चलाया और खड़ा किया गया। इनमें से एक कार में NCP चीफ शरद पवार भी सवार थे। रेस ट्रैक पर स्पाइक्स शूज के अलावा अन्य शूज पहनकर जाने की भी मनाही होती है। ऐसे में कई कारों को उस पर चलाने से ट्रैक को बड़ा नुकसान हो सकता है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

26 जून को इस ट्रैक पर इंटरनेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का एक कार्यक्रम था। इस दौरान शरद पवार, खेल मंत्री सुनील केदार, आदित्य ठाकरे समेत कई बड़े नेता पहुंचे थे। नेताओं ने अपनी कारों को रेस ट्रैक पर ही खड़ा कर दिया। इसकी तस्वीरें कुछ लोगों ने सोशल मीडिया परअपलोड कर दीं, जिसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया।

स्मृति ईरानी ने कहा- जी हुजूरी की भेट चढ़ा करोड़ों का ट्रैक
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया में कहा, ‘महाराष्ट्र में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुई एक बैठक के कारण करोड़ों की लागत से बना एथलेटिक्स ट्रैक जी हुजूरी की भेंट चढ़ गया। खिलाड़ियों के सुविधाओं को सुदृढ़ करने की बजाय महाराष्ट्र के खेल मंत्री स्वयं व्यवस्था को बिगाड़ने में लगे हुए हैं।’

केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि हमारे देश में खेल सुविधाएं कम हैं। ऐसे में सभी खेल केंद्रों को उचित देखभाल की जरूरत है।

रेस ट्रैक पर करीब 10-12 कारों का काफिला चलाया गया। अब इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

रेस ट्रैक पर करीब 10-12 कारों का काफिला चलाया गया। अब इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

महाराष्ट्र सरकार की इस मामले में सफाई
VVIP कारों को खड़ा किए जाने को लेकर महाराष्ट्र स्पोर्ट्स कमिश्नर ओम प्रकाश बकोरिया ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि शरद पवार के पैर में चोट लगी थी, इसीलिए उनकी कार को वहां पार्क करने की परमिशन दी गई थी। जिससे उन्हें ज्यादा चलना न पड़े। दुर्भाग्य से वाहन रेस ट्रैक पर खड़े हो गए। इसके लिए वे माफी मांगते हैं। इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि इस तरह की घटना दोबारा नहीं होगी।

भाजपा की मांग- मामले की जांच हो
स्थानीय BJP विधायक सिद्धार्थ शिरोले ने कहा कि महाविकास अघाड़ी नेताओं को इस लापरवाही के लिए माफी मांगनी चाहिए। साथ ही इस मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

इस स्टेडियम में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन हुए हैं

शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 1994 में नेशनल गेम्स और 2008 में काॅमनवेल्थ यूथ गेम्स हुए थे। 2019 में खेलो इंडिया यूथ गेम्स को भी यहां से शुरू किया गया था। इसके अलावा फुटबॉल, कबड्डी और क्रिकेट के कई बड़े मैच यहां हो चुके हैं। इस एथलेटिक्स स्टेडियम में 11,000 लोगों के बैठने की क्षमता है। फ्लड लाइट्स से लैस यहां का एथलेटिक्स ट्रैक 8 लेन का है। 2012 में लंदन ओलंपिक के लिए फुटबाल का क्वालिफाइंग राउंड इसी कॉम्प्लेक्स में खेला गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *