पुन: शुरू हो 281 करोड़ रुपए की महत्ती योजना का कार्य
by seemasandesh
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री ने नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन-टाउन शहर व आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने वाली 281 करोड़ रुपए की महत्ती योजना का बंद कार्य पुन: शुरू करवाने व नगर परिषद की ओर से शहर की सम्पत्ति नीलाम करने के लिए की जा रही कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग भारतीय जनता पार्टी ने की है। शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई और पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप के नेतृत्व में जिला कलक्ट्रेट में राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने बताया कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय 2017 में आरयूआईडीपी की 281 करोड़ की महत्ती योजना के तहत हर घर स्वच्छ पेयजल व 24 घंटे मिलने वाले पानी, शहर की सीवरेज लाइन व सड़कों का पुनर्निर्माण होना था। ऐसी महत्ती योजना का कार्य 2017 में शुरू किया गया था। बाइपास रोड के पास पीएचईडी विभाग की जगह पर डिग्गी खुदाई का कार्य पूरा हो चुका था। इस अमृत योजना से जंक्शन-टाउन शहर सहित आसपास के क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल 24 घंटे मिलना था परन्तु सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य सरकार की अनदेखी के कारण इस 281 करोड़ की महत्ती योजना का चल रहा कार्य बंद हो गया तथा आरयूआईडीपी का आॅफिस जो पहले हनुमानगढ़ में था उसको अन्यत्र शिफ्ट कर दिया गया है। इस योजना के बंद हो जाने से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होना था वह नहीं हो सका। भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने कहा कि नगर परिषद की ओर से शहर की सम्पत्ति को नीलाम किया जा रहा है जबकि क्षेत्रवासियों के हित के लिए आने वाली सरकारी योजनाओं के लिए सरकारी भूमि को आरक्षित रखा जाना चाहिए। अन्यथा भविष्य में हनुमानगढ़ को मिलने वाली योजनाओं के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं हो सकेगी। इसका खामियाजा हनुमानगढ़ वासियों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि गत दिनों एक प्रस्ताव पारित कर कहा गया है कि जंक्शन के मुख्य बस स्टैंड को बाइपास रोड के पास शिफ्ट किया जाना है। मुख्य बस स्टैंड को अगर बाइपास रोड पर शिफ्ट किया जाता है तो शहर से काफी दूरी होने की वजह से आमजन को दुविधा का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव को रद्द कर पुन: विचार करते हुए मुख्य बस स्टैंड को बस डिपो के स्थान पर व बस डिपो को बाइपास रोड पर स्थानान्तरित कर दिया जाए तो आमजन को राहत मिलेगी। बिश्नोई ने कहा कि स्वच्छ पेयजल मानव जीवन के लिए अति आवश्यक है। इसलिए इस अमृत योजना का कार्य अति शीघ्र शुरू करवाया जाए। नगर परिषद की ओर से की जा रही सरकारी सम्पत्ति की नीलामी पर रोक लगाई जाए और जंक्शन के मुख्य बस स्टैंड को बस डिपो के स्थान पर शिफ्ट कर बस डिपो को बाइपास रोड पर स्थानान्तरित किया जाए। इस मौके पर नगर परिषद के पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया, पार्षद बलराज सिंह दानेवालिया, संजय कुमार, रामकुमार कस्वां, नगर मण्डल अध्यक्ष पवन श्रीवास्तव, खेमचन्द सिंधी, हंसराज, प्रेम गोदारा, जसपाल सिंह, सिंगाराम भाट, ओम सोनी, जिला मीडिया प्रभारी दीपक खाती, विजय झाझड़ा, त्रिलोक सहारण, प्रदीप माली, हंसराज गोदारा, श्रीकृष्ण वर्मा, मुरलीधर सोनी, भवनेश ग्रोवर, शराफत अली, विनोद रैगर, पम्मासिंह, देवदत्त भिड़ासरा, संदीप गोदारा, भूपराम टांडी, लीलाधर सोनी, ओम सारस्वत, गुलाब सिंह, नरेश गोदारा, बजरंग सैन, विष्णु शर्मा, भूराराम मूंड, श्योपत राम, अजमल हुसैन, गमदूर सिंह, समीर प्रभाकर, विजय शोभराज, अमरजीत सिंह, गुरदीप सिंह, देवेंद्र शर्मा, प्रदीप कड़वा, झम्मन पाइवाल, प्रेम पेशवानी आदि मौजूद थे।