Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुरुष वर्ग में श्रीगंगानगर व महिला वर्ग में जयपुर के सिर बंधा जीत का सेहरा

  • सीनियर प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी दोनों वर्गांे में चयनित टीमें
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन के व्यापार मण्डल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान में चल रही 45वीं राज्य स्तरीय सीनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता (महिला-पुरुष) का समापन सोमवार को समारोहपूर्वक हुआ। चार दिन तक चले हैंडबॉल खेल के इस महाकुंभ में पुरुष वर्ग में श्रीगंगानगर जबकि महिला वर्ग में जयपुर की टीम के सिर जीत का सेहरा बंधा। पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में श्रीगंगानगर की टीम ने राजस्थान पुलिस की टीम को हराया। तीसरे स्थान पर जयपुर की टीम रही। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला जयपुर व चूरू के मध्य खेला गया। इसमें जयपुर ने चूरू को शिकस्त देकर विजेता का खिताब जीता। राजस्थान पुलिस की टीम तृतीय जबकि मेजबान हनुमानगढ़ की टीम चौथे स्थान पर रही। व्यापार मण्डल शिक्षा समिति व जिला हैंडबॉल संघ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 29 जबकि महिला वर्ग की 18 सहित कुल 47 टीमों के करीब 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह कि अंतरराष्टÑीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले 21 खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों वर्गांे में चयनित टीमें 7 सितम्बर से लखनऊ में आयोजित होने वाली सीनियर राष्टÑीय चैम्पियनशिप में हिस्सा लेंगी। सोमवार को आयोजित समापन समारोह में अतिथियों की ओर से विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। विजेता टीम को 1 लाख रुपए, उपविजेता टीम को 50 हजार रुपए व तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 25 हजार रुपए के नकद इनाम से पुरस्कृत किया गया। इस दौरान व्यापार मंडल स्नातकोत्तर महाविद्यालय व व्यापार मंडल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। समारोह में जिला कलक्टर नथमल डिडेल, राजस्थान स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज डेवलमेंट बोर्ड के सदस्य मनीष धारणिया, हनुमानगढ़ के जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, श्रीगंगानगर के जिला खेल अधिकारी उमेद सिंह यादव, नेशनल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर अजय गर्ग, पूर्व पालिकाध्यक्ष अमरसिंह राठौड़, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कनिका रॉय आदि ने शिरकत की। इस मौके पर जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने इस शानदार आयोजन के लिए आयोजकों व खेल प्रेमियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में घोषणा की थी कि खेलों को ग्राम पंचायत स्तर से शुरू कर राज्य स्तर तक राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का आयोजन करवाया था। साथ ही राजस्थान में खेलों का ऐसा माहौल बनाएंगे ताकि अभिभावक अपने बच्चों को खेलों से जोड़ें, उन्हें प्रोत्साहित करें। इसी कड़ी में हाल ही में ग्राम पंचायतों में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का शानदार आयोजन हुआ। डिडेल ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से 230 से भी अधिक खिलाड़ियों को आउट आॅफ टर्न नौकरी दी गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री का यह खिलाड़ियों को बहुत बड़ा उपहार है। अब हर खिलाड़ी इससे प्रोत्साहित होकर अपने-अपने खेल में और अधिक मेहनत कर दमखम दिखाएगा। डिडेल ने कहा कि खेल की हिस्सेदारी या आयोजन बेहतर टीम भावना, अच्छा सामंजस्य, मेहनत करने और शारीरिक रूप से अच्छा स्वास्थ्य बनाने में मददगार साबित होगा। वैसे भी आम नागरिक को शारीरिक व्यायाम और खेल की तरफ ध्यान देना चाहिए। डिडेल ने बताया कि भारत सरकार की ओर से राजीव गांधी स्टेडियम में इनडोर हॉल बनाने की घोषणा की थी। अगले तीन माह में इनडोर हॉल की घोषणा पूरी भी हो जाएगी। उसमें बास्केटबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों का आयोजन करवाया जा सकेगा। इसके अलावा भी खेल की अन्य सुविधाओं की आवश्यकता के बारे में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से राज्य सरकार को अवगत करवाया जाएगा। समारोह में राजस्थान हैंडबॉल संघ पर्यवेक्षक आरिफ हसन, आयोजन अध्यक्ष सादासिंह खोसा, रवि सेखों, राजन किरोड़ीवाल, सुशील बिश्नोई, जगतार सिंह, मोहम्मद इस्लाम, पर्वतसिंह, डॉ. संतोष राजपुरोहित, विजय बंसल, व्यापार मण्डल शिक्षा समिति अध्यक्ष अशोक जिंदल, सचिव विजय बंसल, उपाध्यक्ष दुलीचन्द जलंधरा, सहसचिव विकास हिसारिया, कोषाध्यक्ष हरीकिशन खदरिया, जिला हैंडबॉल संघ सचिव श्याम पाण्डे, भारतीय पीठू संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विकास अग्रवाल, प्राचार्य नीलम गौड़, प्रधानाचार्य संजू गाडिया, किरण राठौड़, मनोज पारीक, प्रियदीप सिंह सहित कई खेलप्रेमी मौजूद थे।