Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

टाउन क्षेत्र में तीन सूने मकानों पर चोरों का धावा

  • लाखों की नकदी व जेवरातों पर हाथ साफ, एक घटना में चोरों की गतिविधियां सीसीटीवी फुटेज में हुई कैद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन क्षेत्र में चोरों ने अड़ोस-पड़ोस में स्थित दो मकानों सहित तीन सूने घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपयों की नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। एकसाथ तीन मकानों में चोरी की घटना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के दौरान चोरी की एक वारदात में बाइक पर सवार चार संदिग्ध नजर आए जो ताला तोड़ते व वारदात के बाद वहां से जाते दिखे। इस संबंध में टाउन थाना में अज्ञात जनों के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए हैं। जानकारी के अनुसार महेन्द्र मोहन पुत्र परमानन्द अरोड़ा निवासी दशमेश नगर, गली नम्बर 3, वार्ड नम्बर 33, टाउन ने मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि शनिवार को वह व उसका पड़ोसी दिनेश कुमार पुत्र बलदेव सिंह नायक श्रीगंगानगर रिश्तेदारी में गए हुए थे। रविवार सुबह 7.30 बजे मोहल्लावासियों ने मोबाइल फोन पर कॉल कर सूचना दी कि उन दोनों के मकानों के दरवाजे खुले हुए हैं। सूचना मिलने पर वे दोनों करीब 10 बजे घर पहुंचे आये तो देखा कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ था। सामान बिखरा पड़ा था और घर की अलमारी से 20 हजार रुपए की नकदी, सोने की बालियां, बच्चे का का सोने का कड़ा, चांदी की दो जोड़ी पायजेब, सोने की एक अंगूठी गायब थी। उसके पड़ोसी दिनेश के घर से भी दो हजार रुपए की नकदी, चांदी का कड़ा, चांदी की पायजेब, सोने का कोका इत्यादि सामान गायब था। कोई अज्ञात जने यह सामान चोरी कर ले गए। इधर-उधर पता किया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मामले की जांच एएसआई नाथूलाल कर रहे हैं। वहीं दूसरे मामले में टाउन में टिब्बी रोड पर एसआरएम स्कूल के पीछे वार्ड नम्बर 37, पंवार नगर में रहने वाले राजेश कुमार पुत्र तेजुमल सिंधी ने बताया कि वह अपने पूरे परिवार सहित 31 अगस्त को अपनी रिश्तेदारी में जयपुर गया हुआ था। घर से जाते समय वह पड़ोसी को कहकर गया था कि वे तीन-चार दिन रिश्तेदारी में जा रहे हैं, मकान को सम्भालते रहें। इसी बीच रविवार को उसके पड़ोसी सतवीरसिंह, सोनू बंसल, कौशलेन्द्र यादव ने सूचना दी कि उनके मकान का ताला टूटा हुआ है। इसलिए वे आ जाएं। जब वह घर पहुंचा तो कमरे की अलमारी खुली हुई थी तथा सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी से 5-6 तौला सोने के आभूषण, 5 पायलों की जोड़ी तथा 3.50 लाख रुपए की नकदी गायब थी। यह सामान अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। राजेश कुमार के उन्होंने पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें नजर आया कि रविवार तड़के करीबन 4 बजे चार व्यक्ति मोटर साइकिल पर आए और ताला तोड़ कर घर में घुस गए। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। इस मामले की जांच एएसआई रतनलाल कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में नजर आ रहे संदिग्धों की पहचान के प्रयासों में जुटी है।