Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुलिस अधीक्षक ने जिले के तमाम अधिकारियों की ली क्राइम मीटिंग

बीकानेर। प्रशिक्षण से लौटने के बाद अब पुलिस अधीक्षक प्रीतिचन्द्रा एक्शन मूड में आ गई है। पुलिस मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय से जारी होने वाले निर्देशों की पालना नहीं करने पर सख्त एतराजगी जताई। बुधवार को उन्होंने जिले के तमाम पुलिस अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने, पेंडेंसी खत्म करने, एनडीपीएस व अवैध हथियार, शराब आदि की कार्रवाई लगातार करने के निर्देश दिए। क्राइम बैठक के दौरान सैरुणा एसएचओ मनोज कुमार से पुलिस कंट्रोल रूम से मिलने वाले निर्देशों की पालना नहीं करने पर नाराजगी जताई। एसएचओ से कई तरह के कानून संबंधी सवाल जवाब किए, जिनका उत्तर संतोषजनक नहीं देने पर उन्हें तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।

जल्द होगा डीजीपी का दौरा, जवानों को टटोले

पुलिस महानिदेशक एमएल लाठर आगामी दिनों में बीकनेर रेंज का दौरा करेंगे। डीजीपी के दौरे के मद्देनजर जिले में बकाया प्रकरणों को निपटाने, थानों की स्थिति को सुधारने, साफ-सफाई रखने, मालखाना का निस्तारण करने, हाल ही जिले में हुई वारदातों को लेकर मंथन किया गया। सभी थानाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शाम व रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाएं। चोरी-नकबजनी व महिला अत्याचार के मामलों में त्वरित कार्रवाई करें। मुखबिर तंत्र को मजबूत करें ताकि थाना क्षेत्र में कोई वारदात होने पर पुलिस कानून व्यवस्था बिगडऩे जैसे हालात नहीं हो। थानों में जवानों के साथ समन्वय रखें। उनकी समस्याओं को समझकर समाधान के प्रयास करें।

पौधरोपण करेंगे
पुलिस अधीक्षक चन्द्रा ने बताया कि थाना परिसर व आसपास के क्षेत्र के हराभरा करने के उद्देश्य से आमजन को साथ लेकर वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। फिलहाल थानों की साफ-सफाई के लिए हर रविवार को सफाई अभियान चला रखा है।

तीन दिन में दो एसएचओ व एक हैड कांस्टेबल लाइन हाजिर

पुलिस अधीक्षक ने पिछले तीन दिन में जिले के दो एसएचओ और एक हैड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है। छतरगढ़ के तत्कालीन एसएचओ रतनलाल एवं हैडकांस्टेबल रामचरण मीणा की शिकायतें और कार्य के प्रति लापरवाही पर लाइन हाजिर किया। वहीं सैरुणा एसएचओ मनोज कुमार यादव को कार्य में लापरवाही बरतने एवं मुख्यालय से मिलने वाले दिशा-निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेने पर लाइन हाजिर कर दिया है। इन सख्त कार्रवाई से पुलिस अधीक्षक चन्द्रा ने सभी पुलिस अधिकारियों को संदेश दिया है कि अगर किसी भी अधिकारी-कर्मचारी की शिकायत और लापरवाही होगी तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *