धौलपुर
धौलपुर पुलिस ने 4 महीने से फरार डकैत गिर्राज को बुधवार को एक मंदिर से गिरफ्तार किया। डकैत पर 10 हजार रुपए का इनाम था। जो मार्च में अपने साथी डकैत को छुड़ाने के लिए पुलिस की आंखों में मिर्च फेंकी थी। तब से वह फरार चल रहा था और उस पर धौलपुर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
जानकारी के अनुसार देर रात पुलिस को सूचना मिली की डकैत गिर्राज धौलपुर में स्थित लाठ वाली माता के मंदिर के दर्शन करने के बाद अपने रिश्तेदारों के घर जैतपुर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया देर रात ही पुलिस ने लाठ वाली माता के मंदिर के पास घात लगा दी। कुछ देर बाद एक व्यक्ति लाठ वाली माता के मंदिर की तरफ से आता दिखाई दिया। लेकिन जैसे ही वह रौशनी में आया तो पता लगा की उसके कंधे पर एक बंदूक टंगी हुई है। कुछ और पास आने के बाद पुलिस के जवानों ने उसे घेर लिया और गिरफ्तार किया। डकैत गिर्राज से एक लोड बंदूक, 5 जिंदा कारतूस जब्त किये गए हैं। डकैत को पकड़ने के लिए 17 पुलिस कर्मियों की 2 टीमों का गठन किया गया था।
अपने साथी डकैत को छुड़ाने के बाद आया था चर्चा में
3 मार्च 2021 से गिर्राज चर्चा में आया था। 3 मार्च को भरतपुर से डकैत धर्मेंद्र उर्फ़ लुक्का को रोडवेज बस से धौलपुर पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। तभी सैपऊ थाना इलाके में डकैत गिर्राज ने रोडवेज बस को रुकवाया और अपने साथियों के साथ बस में चढ़ चालानी गॉर्ड के आंखो में मिर्ची डाल दी।लेकिन बस में बैठे RAC के जवान और NCC की स्टूडेंट वसुंधरा ने जब इस वारदात को देखा तो उन पर रहा न गया। दोनों ने गिर्राज को रोकने की कोशिश की। इस दौरान गिर्राज और उसके साथियों से RAC के जवान और वसुंधरा ने जम कर मुकाबला किया और जब गिर्राज को लगा की वह लुक्का को छुड़ा नहीं पाएगा तो वह बस से उतर कर भाग गया। इस वारदात के बाद धौलपुर पुलिस ने गिर्राज पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया।
2 थानों में 19 मामले दर्ज है डकैत के खिलाफ
गिर्राज पर कुल 19 मामलें दर्ज हैं। जिसमें से 17 मुरैना थाने में और 2 धौलपुर में चल रहे हैं और कई मामलों में डकैत गिर्राज फरार चल रहा है। गिर्राज पर ज्यादातर चोरी, मारपीट, लूटपाट, पथराव, जैसे आरोप हैं।