Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुलिस घर-घर जाकर तलाश रही चोरी के वाहन

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। सार्वजनिक स्थान ही नहीं अपितु घरों के बाहर भी वाहन खड़े करना खतरे से भरा हो गया है। चंद पलों में वाहन चुराए जा रहे हैं। रोजाना बड़ी संख्या में दुपहिया व चार पहिया वाहन चोरी हो रहे हैं। जबकि इनकी तुलना में चोरी के वाहन बरामदगी काफी कम है। ऐसे में चोरी के वाहनों का पता लगाने व चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने नया तरीका निकाला है। प्रत्येक पुलिस स्टेशन से अधिकारी व बीट कांस्टेबल अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर दस्तक देकर वाहनों की जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस मुख्यालय ने गत दिनों पुलिस थानों में तैनात बीट कांस्टेबलों को वाहनों के सत्यापन की जिम्मेदारी दी है। इसी के तहत हनुमानगढ़ में भी चोरी के दुपहिया व चार पहिया वाहन खोजने के लिए पुलिस की ओर से अभियान शुरू किया गया है। बीट कांस्टेबल अपनी-अपनी बीट में घर-घर जाकर वाहनों की जांच कर रहे हैं। हर थानों से बीट कांस्टेबल अपने-अपने एरिया में घर-घर जाकर वाहनों की जानकारी जुटा रहे हैं। दुपहिया व चार पहिया वाहन, उनके पंजीयन नम्बर और मालिकाना हक संबंधी दस्तावेजों से मिलान किया जा रहा है। पुलिस के इस अभियान में यदि किसी मकान में चोरी का वाहन मिलता है तो संबंधित थाना पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी। संबंधित मकान मालिक व चालक के खिलाफ कानूनी होगी। उधर, शनिवार को जंक्शन पुलिस थाना के कांस्टेबलों ने अपनी बीट में जाकर वाहनों की जांच की। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार घर-घर वाहनों की जांच का अभियान शुरू किया गया है। हर थानों से डोर-टू-डोर जाकर वाहनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर ही राजकॉप एप पर उपलब्ध वाहन के डाटा का इंजन व चेसिस नंबर डालकर जांच की जा रही है। अभी तक कोई संदिग्ध वाहन नहीं मिला है। सड़कों पर भी वाहनों की आकस्मिक जांच की जाती है।