पुलिस थाना पहुंचा रोडवेज व लोक परिवहन बस कर्मियों का विवाद
by seemasandesh
रोडवेज कर्मी ने अभद्र व्यवहार करने व देख लेने की धमकी देने का लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज करने के लिए सौंपा परिवाद हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। रोडवेज व लोक परिवहन बस कर्मचारियों के मध्य हुआ विवाद पुलिस थाना पहुंच गया है। टाउन बस स्टैंड में यातायात व्यवस्था की ड्यूटी संभालने वाले रोडवेज कर्मी ने लोक परिवहन बस कर्मचारियों सहित कइयों पर अभद्र व्यवहार करने व देख लेने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने के लिए शनिवार को टाउन पुलिस थाना में परिवाद सौंपा। जानकारी के अनुसार टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाने के लिए सौंपे गए परिवाद में गुरलाल सिंह पुत्र गुरमेज सिंह जटसिख निवासी सेक्टर नम्बर 12, वार्ड नम्बर 7, हनुमानगढ़ जंक्शन ने बताया कि वह राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम में चालक पद पर कार्यरत है। वर्तमान में उसकी ड्यूटी हनुमानगढ़ टाउन बस स्टैंड में यातायात व्यवस्था के लिए लगाई गई है। हनुमानगढ़ टाउन बस स्टैंड से वधवा बस आॅपरेटर की ओर से अवैध रूप से अपनी लोक परिवहन बस नम्बर आरजे 18 पीए 7868 का संचालन हनुमानगढ़ से रावतसर व रावतसर से श्रीगंगानगर मार्ग पर बिना परमिट के किया जा रहा है।