नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के आगाज से दो दिन पहले ही चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के स्टार क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया और रविंद्र जडेजा को इस फ्रेंचाइजी टीम का अगला कप्तान बनाया गया। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया का दावा है कि धोनी ने सिर्फ सीएसके के फ्यूचर के बारे में नहीं सोचा है बल्कि टीम इंडिया के फ्यूचर के बारे में सोचते हुए यह फैसला लिया है।
आईएएनएस से बातचीत के दौरान कनेरिया ने कहा, ‘हम सब जानते हैं कि धोनी किस तरह के खिलाड़ी हैं। उनके फैसले हमेशा सही होते हैं। मुझे लगता है कि वह दुनिया के बेस्ट कप्तानों में से एक हैं। उन्होंने 50 ओवर वर्ल्ड कप जीता है, टी20 वर्ल्ड कप जीता है, चैंपियंस ट्रॉफी जीती है और चार बार सीएसके को आईपीएल चैंपियन बना चुके हैं, इसके अलावा टीम इंडिया ने कई मैच उनके ऑन-फील्ड फैसलों के दम पर जीते हैं।’