रायसिंहनगर(सीमा सन्देश)। प्रेम-प्रसंग के दौरान एक युवती ने अपने प्रेमी को धोखा दिया। इस धोखे को प्रेमी सहन नहीं कर पाया और प्रेमी ने फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। इससे पहले उसने सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका सहित अन्य सजा दिलाने की बात कही है। समेजा कोठी थाना पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर युवती सहित सात जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, वहीं मृतक के परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में धरना शुरू कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव एक एलपीएम निवासी विनोद कुमार नायक ने खाजूवाला थाना क्षेत्र के गांव जीरो आरडी निवासी सहीराम, उसके लड़के, पोते, कविता, उसकी बुआ, कृष्ण कुमार व तेजराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। विनोद कुमार ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उसका भाई तुलछाराम कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जीरो आरडी गया था। इस दौरान उसकी मुलाकात कविता से हुई। तब तुलछाराम का कविता के प्रति आकर्षण हो गया। इस दौरान दोनों में प्रेम-प्रसंग हो गया। विनोद कुमार के अनुसार इसी दौरान खाजूवाला में ही रहने वाले एक युवक के प्रति कविता का आकर्षण हो गया। इसकी जानकारी जब तुलछाराम को लगी, तो उसने कविता से संबंध विच्छेद करने की कोशिश की । साथ ही कविता एवं उसके परिजनों पर किये जाने वाले खर्च में भी कटौती कर दी। इससे कविता व उसके परिजनों का तुलछाराम के प्रति मोहभंग होने लगा। विनोद कुमार के अनुसार आरोपितों ने आए दिन उसके भाई को तंग-परेशान किया जाने लगा। आरोपितों द्वारा उसके भाई को फोन करके भी डरा-धमकाना शुरू कर दिया।
मुकद्दमें में फंसाने की दी धमकी
मृतक के भाई विनोद का आरोप है कि शुक्रवार को कविता व उसके परिजनों द्वारा तुलछाराम को फिर से डराया-धमकाया गया और मुकद्दमें फंसाने की धमकी दी। कविता ने मोबाइल भी छीन लिया। साथ ही उसने देख लेने की धमकी दी। इससे तुलछाराम अत्याधिक डर गया, जिसके कारण उसका रक्तचाप बढ़ गया। गांव के ही मुकेश कुमार ने उसको बीपी की गोली लाकर दी। इस दौरान तुलछाराम बहकी-बहकी बातें करने लगा। बातों ही बातों में वह नजरें बचाकर अपने कमरे में चला गया, जहां चुनरी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। विनोद कुमार न बताया कि उसकी चाची तुलछाराम को खोजते हुए कमरे में गयी, तो वह फंदे पर झूलता हुआ मिला, जिस पर उसने शोर मचा दिया। घर के अन्य सदस्यों ने मिलकर उसको फंदे से उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, मृतक के परिवार के सदस्यों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ मिलकर अस्पताल में धरना लगा दिया। समाचार लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था।