सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। चक छह जैड में संचालित किए जा रहे कचरा प्लांट को अन्यत्र स्थानांतरित करने के लिए प्रशासन द्वारा इसके हटाने की मांग करने वाली संघर्ष समिति से समझौता हुआ। परन्तु तीन माह बाद भी इसकी पालना नहीं हो पाई। ऐसे में सोमवार को संयुक्त संघर्ष समिति कचरा प्लांट हटाओ द्वारा एडीएम प्रशासन से मुलाकात की गई।
समिति द्वारा पूर्व में हुए समझौते की पालना नहीं होने पर आक्रोश जताते हुए 4 सितम्बर तक इसे हटाने अन्यथा 5 सितम्बर से धरने की चेतावनी दी गई। समिति के शिष्टमण्डल में शामिल लोगों ने इस दौरान एडीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा।
इसमें बताया कि कचरा प्लांट के पास चक 8 जैड, 10 जैड, 6 जैड-ए एवं गांव 5-ए मौजपुरा एवं इन ग्राम पंचायतों की ढाणियां भी शामिल हैं। जहां लोग रहते हैं। कचरा प्लांट में रोज शाम को आग लग जाती है जिससे किसानों की फसल को कई बार नुकसान हो जाता है । अनेकों बार खेतों में लगी आग को बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां तक गई है। वर्तमान में कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग चुके हैं और आए दिन यहां इस कचरे को आग लगाकर जलाया जा रहा है। इस कारण कचरा प्लांट से दिनभर धुआं उठता रहता है। धुएं और कचरे की बदबू से इसके आस-पास बसी ढाणियों के लोगों का जीना दुर्भर हो गया।