Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

फलौदी से खरीदकर लाया था पोस्त

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। दस किलोग्राम पोस्त बरामदगी के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने सदर पुलिस की पूछताछ में खुलासा किया कि वह फलौदी क्षेत्र से डोडा पोस्त खरीदकर लाता था। इस खुलासे के बाद पुलिस की एक टीम आरोपी को साथ लेकर फलौदी गई। वहां मौका तस्दीक की कार्रवाई की। मामले की जांच कर रहे सदर थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल ने बताया कि नायबसिंह उर्फ नेबासिंह (57) पुत्र ज्वालासिंह निवासी वार्ड 3, गांव नवां की ओर से किए गए खुलासे के आधार पर पोस्त उपलब्ध करवाने वाले सप्लायर की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। नायबसिंह उर्फ नेबासिंह के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तीन-चार मुकदमे दर्ज हैं। उससे अनुसंधान किया जा चुका है। पीसी रिमांड अवधि समाप्त होने पर नायबसिंह उर्फ नेबासिंह को शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भिजवाया जाएगा। गौरतलब है कि 13 सितम्बर की रात्रि को जंक्शन थाना के एसआई मांगूराम के नेतृत्व में गश्त कर रही पुलिस टीम ने गांव नवां के पास से एक शख्स के कब्जे से दस किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। मौके से नायबसिंह उर्फ नेबासिंह को गिरफ्तार कर जांच सदर पुलिस को सौंपी। यह कार्रवाई जिला विशेष दल हनुमानगढ़ के सहयोग से की गई।