विश्वास की घातक गेंदबाजी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राज्य स्तरीय अण्डर 16 क्रिकेट प्रतियोगिता के सुपर लीग मकाबले में हनुमानगढ़ ने दौसा को 23 रन से हराया। हनुमानगढ़ जिला क्रिकेट संघ के सचिव मनीष धारणिया ने बताया कि हनुमानगढ़ टीम की इस प्रतियोगिता में ये लगातार पांचवीं जीत है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले खेलते हुए हनुमानगढ़ ने आदित्य सैनी के 22 रनों की मदद से 98 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दौसा की टीम हनुमानगढ़ के विश्वास की घातक गेंदबाजी के सामने सिर्फ 75 रन ही बना सकी। विश्वास ने 6, ऋषभ बराला ने 2 व आदित्य सैनी ने 1 विकेट लिया। उन्होंने बताया कि मैच को जिताने में विशेष योगदान विश्वास का रहा। विश्वास ने छह विकेट ली। हनुमानगढ़ का अगला मुकाबला रविवार को सवाई माधोपुर से होगा।