Thursday, July 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

फल-सब्जी सड़क पर रखकर करेंगे आंदोलन

  • फल-सब्जी मण्डी को नवां बाइपास पर स्थानांतरित करने की मांग, किसानों ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जगह कम होने के चलते हो रही अव्यवस्थाओं के मद्देनजर जंक्शन शहर में संचालित फल-सब्जी मण्डी को नवां बाइपास रोड पर प्रस्तावित जगह पर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर आसपास के गांवों के फल-सब्जी उत्पादक किसानों ने सोमवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि उन्हें सब्जी-फल बेचने के लिए जंक्शन में बालिका स्कूल के पास स्थित सब्जी मण्डी आना पड़ता है। परन्तु सब्जी मण्डी प्रांगण में जगह बहुत कम है। उन्हें मजबूरन सब्जी आढ़तियों की दुकानों के आगे अपना माल रखना पड़ता है। आढ़तियों ने अपनी दुकानों को अवैध रूप से आगे बढ़ाकर शैड लगाकर कब्जा कर रखा है। जगह को संकीर्ण कर दिया है। सब्जी व फल माल वाहक वाहन आने व भीड़ अधिक होने से खड़े रहने की जगह भी नहीं मिल पाती है। सुबह निर्धारित समय के बाद वाहनों का प्रवेश भी बंद कर दिया गया है। इस किसानों को बड़ी मुश्किल होती है। बार-बार लड़ाई-झगड़े के हालात पैदा हो जाते हैं। शांति व्यवस्था भंग होती रहती है। कई बार आढ़तियों व सब्जी-फल विक्रेता किसानों के बीच विवाद हो चुका है। भीड़ होने से कोई कार्य समय पर नहीं हो पाता। हर दिन नई परेशानी से सभी को जूझना पड़ता है। किसानों ने बताया कि इस समस्या से निजात दिलाने के लिए पूर्व में भी प्रशासनिक व कृषि उपज मण्डी समिति के अधिकारियों को लिखित में अवगत करवाया गया था लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इस कारण किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों में सब्जी व फल मण्डी को नई जगह नवां बाइपास रोड पर बनी सब्जी-फल मण्डी में स्थानांतरित नहीं किया गया तो उन्हें सड़क पर सब्जी व फल रखकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर पूर्व सरपंच गणपत राम बारुपाल, गोविन्द, गंगासिंह, कृष्णलाल, तेजराम, राज बहादुर, मंगतराम, कंवरपाल, कृष्ण कुमार, राजकुमार सहित कई किसान मौजूद थे।