फिरोजपुर। फिरोजपुर केंद्रीय जेल के अस्पताल में डाक्टर कैदियों को नशा दे रहा था। स्पेशल टास्क फोर्स ने ट्रैप लगाकर डाक्टर को गिरफ्तार किया है। डाक्टर के निजी क्वार्टर से 8 ग्राम हेरोइन, 14 लाइटर और फाउल पेपर बरामद किया। हत्या के केस में बंद एक कैदी ने लुधियाना पुलिस के सामने यह खुलासा किया। लुधियाना पुलिस हत्या के कैदी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गई थी।
यहां पुलिस रिमांड के दौरान कैदी ने डाक्टर के नशा देने की जानकारी दी। एसटीएफ ने कैदी के माध्यम से डाक्टर का ट्रैप लगाया। एसटीएफ थाना मोहाली में डाक्टर के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। आरोपित डाक्टर कहां से नशा लेकर आता था निशानदेही पर छापेमारी शुरू की गई है। आरोपित डाक्टर शशी भूषण इससे पहले सिविल अस्पताल में बतौर इमरजेंसी मेडिकल आफिसर काम करता रहा है। एसटीएफ अभी पूछताछ कर रही है।